शिवपुरी। शहर के बछोरा वार्ड क्रमांक-1 निवासी लक्ष्मी कुशवाह ने पुलिस अधीक्षक शिवपुरी को आवेदन देकर आरोप लगाया है कि उनके पति विष्णु कुशवाह सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हुए, लेकिन अब तक वाहन चालक और वाहन स्वामी के खिलाफ कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई है।
जानकारी के अनुसार, विष्णु कुशवाह अपनी मोटरसाइकिल से पिछोर से शिवपुरी लौट रहे थे। सिंहनिवास भोले बाबा मंदिर के पास पुलिया के समीप सामने से आ रही एक लोडिंग पिकअप (क्रमांक MP33 ZL 6880) के चालक ने तेज गति और लापरवाही से वाहन चलाते हुए उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।
शिकायत में बताया गया है कि दुर्घटना में विष्णु कुशवाह के दाहिने पैर की हड्डी टूट गई, हाथ में फ्रैक्चर हो गया तथा सिर, कमर, पीठ, टखने, जांघ और छाती सहित शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। आरोप है कि हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया, जबकि वाहन को कोतवाली पुलिस ने जब्त कर लिया।
पीड़िता का कहना है कि घटना के बावजूद आज तक उनके पति की उचित सुनवाई नहीं हुई और न ही आरोपी चालक व वाहन स्वामी के खिलाफ कठोर कार्रवाई की गई। उन्होंने एसपी से पति के समुचित इलाज की व्यवस्था कराने तथा दोषियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।






Be First to Comment