शिवपुरी। शहर के वन स्टॉप सेंटर के बाहर सोमवार देर शाम एक युवक की चप्पलों से पिटाई का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। मामला एक पुराने पॉक्सो प्रकरण से जुड़ा है, जिसमें न्यायालय में पेशी के दौरान युवक और युवती द्वारा शादी की इच्छा जताने के बाद विवाद खड़ा हो गया।
जानकारी के अनुसार, मुजफ्फरनगर निवासी अब्दुल रहमान फर्नीचर का काम करने कोलारस आया था। आरोप है कि किराए के मकान में रहने के दौरान उसका एक नाबालिग लड़की से संपर्क हुआ था। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने उसके खिलाफ अपहरण और पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया था। बाद में उसे जमानत मिल गई थी।
बताया जा रहा है कि युवती के बालिग होने के बाद दोनों फिर से संपर्क में आए और साथ रहने लगे। सोमवार को दोनों पुराने पॉक्सो प्रकरण में पेशी के लिए शिवपुरी न्यायालय पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने विवाह करने की इच्छा जताई और कोर्ट परिसर के बाहर विवाह संबंधी दस्तावेज तैयार कराने लगे।
इसकी जानकारी मिलने पर कुछ हिंदू संगठन के कार्यकर्ता मौके पर पहुंच गए और युवती के परिजनों को भी शिवपुरी बुला लिया। परिजनों और कार्यकर्ताओं ने युवती को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह अपने निर्णय पर कायम रही। इसके बाद दोनों को वन स्टॉप सेंटर ले जाया गया, जहां काउंसलिंग के बावजूद कोई सहमति नहीं बन सकी।
वन स्टॉप सेंटर से बाहर निकलते ही दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ गया। इसी दौरान युवती की मां ने युवक की चप्पलों से पिटाई कर दी। सड़क पर कुछ देर तक हंगामा होता रहा, जिसका वीडियो वहां मौजूद लोगों ने रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।
विवाद के बाद युवती अपने परिजनों के साथ चली गई, जबकि युवक अपने पिता के साथ मुजफ्फरनगर लौट गया। मामले का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। फिलहाल इस घटना को लेकर पुलिस की ओर से किसी नई कार्रवाई की आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।






Be First to Comment