Press "Enter" to skip to content

खेत पर घेरा, लाठियों से पीटा फिर डीजल डालकर जिंदा जलाया; जमीन विवाद में ग्रामीण की मौत / Shivpuri News

शिवपुरी। जिले के पोहरी थाना क्षेत्र के नयागांव में जमीन विवाद ने खूनी रूप ले लिया। गंभीर रूप से झुलसे एक ग्रामीण की शनिवार सुबह जिला अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। परिजनों ने आरोप लगाया है कि विवादित जमीन पर फसल देखने गए ग्रामीण के साथ पहले लाठियों से मारपीट की गई, फिर उस पर डीजल डालकर आग लगा दी गई।

मृतक की पहचान अरविंद धाकड़ के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार परिवार में जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा है और मामला न्यायालय में विचाराधीन है। गुरुवार को अरविंद धाकड़ और उनके परिजनों ने विवादित जमीन पर बोवनी की थी। शुक्रवार दोपहर अरविंद अपने पोते अंशुल धाकड़ के साथ खेत पर फसल देखने पहुंचे थे। आरोप है कि इसी दौरान प्रकाश धाकड़, आशा धाकड़, बंटी धाकड़, हरिओम धाकड़, हरिशंकर और विमल धाकड़ वहां पहुंचे और विवाद के बाद हमला कर दिया।

अंशुल धाकड़ ने आरोप लगाया कि आरोपियों ने पहले लाठियों से मारपीट की। वह किसी तरह जान बचाकर वहां से भाग निकला। उसका कहना है कि दूर से उसने देखा कि आरोपी उसके दादा के साथ मारपीट करते रहे और बाद में ट्रैक्टर से डीजल निकालकर उन पर डाल दिया तथा आग लगा दी। घटना के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए।

परिजनों की मदद से गंभीर रूप से झुलसे अरविंद धाकड़ को पहले पोहरी स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया। शनिवार सुबह करीब 5 बजे उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।

पोहरी थाना प्रभारी रवि चौहान ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है। परिजनों एवं प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

More from Fast SamacharMore posts in Fast Samachar »

Be First to Comment

Leave a Reply

error: Content is protected !!