शिवपुरी। जनसुनवाई में मंगलवार को एक परिवार आंखों में आंसू लेकर कलेक्टर कार्यालय पहुंचा और वर्षों से फंसी पीएसीएल इंडिया लिमिटेड की तीन पॉलिसियों की राशि दिलाने की गुहार लगाई। पीड़ित परिवार का कहना है कि बड़ी बेटी की शादी कर्ज लेकर करनी पड़ी, जबकि अब छोटी बेटी की शादी के लिए पैसे नहीं हैं। आर्थिक तंगी के चलते पूरा परिवार मानसिक तनाव में है।
जानकारी के अनुसार, पिछोर तहसील के ग्राम दुल्हई निवासी पुष्पेंद्र सिंह चौहान ने वर्ष 2009 में ₹50 हजार तथा उनकी पत्नी सुधा चौहान ने ₹1 लाख 25 हजार और ₹50 हजार की कुल तीन पॉलिसियां ली थीं। तीनों पॉलिसियां परिपक्व हो चुकी हैं, लेकिन आज तक भुगतान नहीं मिला।
पीड़ित ने बताया कि एजेंट से कई बार संपर्क करने और ऑनलाइन आवेदन करने के बावजूद कोई समाधान नहीं हुआ। उनका कहना है कि बड़ी बेटी की शादी कर्ज लेकर की, जिसकी किश्तें अभी भी चुकानी पड़ रही हैं। अब छोटी बेटी की शादी सामने है, लेकिन आर्थिक स्थिति इतनी खराब है कि परिवार पूरी तरह परेशान है।
परिवार ने कलेक्टर से जल्द भुगतान दिलाने की मांग की है। पीड़ित का दावा है कि यदि उनकी सुनवाई नहीं हुई और शीघ्र भुगतान नहीं मिला तो वे पूरे परिवार सहित आत्महत्या जैसा कदम उठाने को मजबूर होंगे।







Be First to Comment