Press "Enter" to skip to content

पोहरी में 25 लाख की चोरी का 36 घंटे में खुलासा: 50 हजार के इनामी सहित 3 आरोपी गिरफ्तार, सोना-चांदी, नकदी और बाइक बरामद / Shivpuri News

शिवपुरी जिले की पोहरी थाना पुलिस ने 25 लाख रुपये की चोरी का महज 36 घंटे में खुलासा करते हुए अंतर्राज्यीय गिरोह के दो सदस्यों समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से करीब 23 लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण, 85 हजार रुपये नकद, चोरी गई पल्सर बाइक, लोहे की तिजोरी और एक अवैध देशी बंदूक बरामद की गई है। एक आरोपी पर राजस्थान पुलिस द्वारा 50 हजार रुपये का इनाम भी घोषित था।

शिवपुरी। पुलिस अधीक्षक श्रीमती यांगचेन डोलकर भूटिया ने बताया कि 25 जून को पोहरी निवासी अनुज शर्मा ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 24 जून की रात अज्ञात बदमाश उनके छोटे भाई नीतू शर्मा के घर के ताले काटकर कमरे में रखी लोहे की तिजोरी, सोने-चांदी के आभूषण और पल्सर मोटरसाइकिल चोरी कर ले गए। मामले में थाना पोहरी में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई।

एसपी ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजीव मुले और एसडीओपी आनंद राय के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी रवि चौहान के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। थाना सुभाषपुरा पुलिस और साइबर सेल की मदद से सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए तथा अलग-अलग टीमें रवाना की गईं।

जांच के दौरान चकराना रोड स्थित सीएचसी अस्पताल के पास पुलिया के नीचे चोरी गई पल्सर मोटरसाइकिल और क्षतिग्रस्त अवस्था में लोहे की तिजोरी बरामद हुई। इसके बाद 27 जून की रात मुखबिर से सूचना मिली कि आईटीआई कॉलेज के पीछे तीन व्यक्ति चोरी के माल के बंटवारे की योजना बना रहे हैं।

पुलिस ने घेराबंदी कर रामनिवास मोगिया निवासी गोपालपुर, श्रीवल्लभ उर्फ रनघोर पारदी निवासी कनैरा थाना धरनावदा और रामेश्वर गोस्वामी निवासी ग्वालीपुरा, पोहरी को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान श्रीवल्लभ पारदी के कब्जे से एक अवैध देशी बंदूक भी बरामद हुई।

पूछताछ में आरोपियों ने चोरी का माल रामेश्वर गोस्वामी के खेत के पास नाले में मिट्टी में दबाकर छिपाना स्वीकार किया। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर एक मंगलसूत्र, चार अंगूठियां, दो कड़े, एक जंजीर, दो जोड़ी झुमकी सहित बड़ी मात्रा में सोने-चांदी के आभूषण, 85 हजार रुपये नकद बरामद किए। बरामद आभूषणों की कीमत करीब 23 लाख रुपये आंकी गई है।

एसपी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी श्रीवल्लभ पारदी अंतर्राज्यीय गिरोह का सक्रिय सदस्य है और उसके खिलाफ मध्य प्रदेश तथा अन्य राज्यों में चोरी, लूट, डकैती, हत्या और हत्या के प्रयास जैसे गंभीर अपराध दर्ज हैं। उसकी गिरफ्तारी पर राजस्थान के कोटा रेंज पुलिस महानिरीक्षक कार्यालय द्वारा 50 हजार रुपये का इनाम घोषित था। वहीं आरोपी रामनिवास मोगिया के खिलाफ भी मध्य प्रदेश और राजस्थान में आर्म्स एक्ट, आबकारी एक्ट तथा नकबजनी सहित कई मामले दर्ज हैं।

पुलिस ने तीनों आरोपियों से करीब 25 लाख रुपये का मशरूका बरामद किया है, जिसमें सोने-चांदी के आभूषण, 85 हजार रुपये नकद, चोरी गई पल्सर मोटरसाइकिल, लोहे की तिजोरी और अवैध देशी बंदूक शामिल है। पुलिस आरोपियों से अन्य वारदातों के संबंध में भी पूछताछ कर रही है।

More from Fast SamacharMore posts in Fast Samachar »

Be First to Comment

Leave a Reply

error: Content is protected !!