शिवपुरी। जिले के बैराड़ थाना क्षेत्र की एक विधवा महिला ने पुलिस अधीक्षक शिवपुरी को शिकायत देकर बैराड़ थाना प्रभारी एवं अन्य पुलिसकर्मियों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। महिला का आरोप है कि पुलिस द्वारा उसके परिवार पर स्मैक बेचने के झूठे आरोप लगाकर लगातार प्रताड़ित किया जा रहा है, उसके बेटे के साथ मारपीट की गई और रुपए छीन लिए गए।
बैराड़ निवासी रामप्यारी खंगार ने बताया कि वह एक विधवा महिला है और खेती-किसानी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करती है। उसके सात पुत्रियां और एक पुत्र हैं। महिला का आरोप है कि पिछले 8 से 10 दिनों से बैराड़ थाना पुलिस उसके घर पहुंचकर स्मैक बेचने के निराधार आरोप लगा रही है तथा परिवार को डराया-धमकाया जा रहा है।
शिकायत में महिला ने आरोप लगाया है कि उसके इकलौते पुत्र मनीष खंगार, जो मार्बल-टाइल्स लगाने का कार्य करता है, को पुलिस जबरन थाने ले गई और उसके साथ मारपीट की गई। महिला का कहना है कि उसके पुत्र को लॉकअप में भी रखा गया था।
आवेदन में यह भी आरोप लगाया गया है कि पुलिस द्वारा पहले 15 हजार रुपए लिए गए और मोबाइल फोन भी अपने कब्जे में ले लिया गया, जिसे अब तक वापस नहीं किया गया है। वहीं 20 जून को पुलिसकर्मियों द्वारा घर पहुंचकर पुत्र को पकड़ने का प्रयास किया गया और उसकी जेब से 13 हजार रुपए निकाल लेने का भी आरोप लगाया गया है। महिला ने पुत्र की मेडिकल जांच कराए जाने की मांग भी की है।
महिला का कहना है कि उसके खिलाफ स्मैक बेचने का कोई प्रमाण या साक्ष्य नहीं है। इसके बावजूद पुलिस द्वारा परिवार को लगातार परेशान किया जा रहा है, जिससे पूरा परिवार मानसिक तनाव और भय के माहौल में जीवन यापन कर रहा है।
रामप्यारी खंगार ने एसपी से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई करने, कथित रूप से लिए गए रुपए और मोबाइल वापस दिलाने तथा परिवार को सुरक्षा प्रदान करने की मांग की है। साथ ही भविष्य में किसी अप्रिय घटना की स्थिति में संबंधित आरोपियों को जिम्मेदार ठहराने की बात भी कही गई है।







Be First to Comment