Press "Enter" to skip to content

गुड़र ब्लास्ट में दूसरी मौत: 4 साल की जानवी के बाद 10 वर्षीय कल्ला ने भी दम तोड़ा, चार अब भी गंभीर / Shivpuri News

खनियांधाना। शिवपुरी जिले के खनियांधाना थाना क्षेत्र के ग्राम गुड़र में हुए भीषण विस्फोट हादसे ने एक और मासूम की जान ले ली। बुधवार सुबह हुए धमाके में मलबे में दबने से 4 वर्षीय जानवी प्रजापति की मौके पर मौत हो गई थी, वहीं ग्वालियर में उपचार के दौरान 10 वर्षीय कल्ला पुत्र शिशुपाल आदिवासी ने भी दम तोड़ दिया। इसके साथ ही हादसे में मृतकों की संख्या बढ़कर दो हो गई है।

घटना बुधवार सुबह करीब 8 बजे हुई, जब प्राणसिंह प्रजापति के घर में अचानक जोरदार विस्फोट हुआ। धमाका इतना शक्तिशाली था कि मकान की दीवारें ढह गईं और पूरे घर में आग लग गई। प्रारंभिक जानकारी में इसे रसोई गैस सिलेंडर विस्फोट बताया गया था, लेकिन बाद में कलेक्टर अर्पित वर्मा ने बताया कि मकान में व्यावसायिक उद्देश्य से बड़ी मात्रा में अवैध डीजल-पेट्रोल का भंडारण किया गया था, जिसके कारण यह भीषण ब्लास्ट हुआ।

हादसे में प्राणसिंह प्रजापति, रोशनी प्रजापति, शिवा प्रजापति और सरला आदिवासी सहित कई लोग गंभीर रूप से झुलस गए। इनमें से तीन घायलों का ग्वालियर के बर्न यूनिट में इलाज जारी है और उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।

घटना की सूचना मिलते ही विधायक प्रीतम सिंह लोधी, कलेक्टर अर्पित वर्मा, एसपी सहित प्रशासनिक अमला, पुलिस और फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। पुलिस ने मामला दर्ज कर अवैध ईंधन भंडारण, विस्फोट के कारणों और संभावित लापरवाही की जांच शुरू कर दी है।

इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

More from Fast SamacharMore posts in Fast Samachar »
More from ShivpuriMore posts in Shivpuri »

Be First to Comment

Leave a Reply

error: Content is protected !!