शिवपुरी। जिले के ग्राम महलोनी के ग्रामीणों ने पुलिस अधीक्षक को सामूहिक आवेदन सौंपकर गांव में कथित रूप से हो रही अवैध शराब बिक्री पर रोक लगाने और संबंधित व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। ग्रामीणों का आरोप है कि गांव के बीच संचालित कथित शराब बिक्री के कारण क्षेत्र का माहौल प्रभावित हो रहा है।
जानकारी के अनुसार, ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि भैरावन निवासी नंदू पुत्र मेनका आदिवासी द्वारा महलोनी गांव में कथित रूप से शराब का विक्रय किया जा रहा है। शिकायत में कहा गया है कि यह स्थान देर रात तक खुला रहता है, जहां लोगों के एकत्र होने से शोर-शराबा, गाली-गलौज और विवाद की स्थिति बनती है, जिससे विशेष रूप से महिलाओं को परेशानी होती है।
ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया है कि कई बार नगद के बजाय घरों का राशन लेकर शराब दी जाती है और नशे की हालत में घरेलू विवाद व मारपीट जैसी घटनाएं भी सामने आती हैं। उनका कहना है कि इससे गांव का सामाजिक माहौल बिगड़ रहा है।
शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया है कि इस संबंध में पहले स्थानीय थाना छर्च में शिकायतें की गईं, लेकिन कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं होने पर अब पुलिस अधीक्षक से हस्तक्षेप की मांग की गई है।
ग्रामीणों ने मांग की है कि गांव में कथित अवैध शराब बिक्री पर तत्काल रोक लगाई जाए, मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए और यदि आरोप सही पाए जाएं तो संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाए।







Be First to Comment