शिवपुरी। कोतवाली थाना पुलिस ने पतंजलि मेगा स्टोर में हुई नकबजनी की वारदात का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी गया सामान बरामद किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब 40 हजार रुपये कीमत का एचपी कंपनी का लैपटॉप, 700 रुपये नकद तथा वारदात में प्रयुक्त लोहे का सरिया जब्त किया है।
पुलिस के अनुसार, 13 अप्रैल 2026 को कृष्णपुरम कॉलोनी निवासी तरुण पुत्र नरेंद्र प्रताप सिंह ने शिकायत दर्ज कराई थी कि कमलागंज एबी रोड स्थित उनके पतंजलि मेगा स्टोर का ताला तोड़कर अज्ञात चोर लैपटॉप और अन्य सामान चोरी कर ले गए। शिकायत के आधार पर कोतवाली थाने में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश और वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में गठित टीम ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए गांधी पार्क मानस भवन के पास से सूरज उर्फ सराफत शाक्य (19 वर्ष) निवासी कोलिया को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान उसकी निशानदेही पर चोरी का लैपटॉप, नकदी और वारदात में इस्तेमाल किया गया लोहे का सरिया बरामद किया गया।
आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया। पुलिस ने मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई पूरी कर ली है।








Be First to Comment