Press "Enter" to skip to content

250 क्विंटल सरसों गबन मामला: पुलिस ने ट्रक सहित 29 लाख का मशरूका किया बरामद, मुख्य आरोपी गिरफ्तार / Shivpuri News

शिवपुरी। तेंदुआ थाना पुलिस ने सरसों गबन के चर्चित मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर ट्रक सहित करीब 29 लाख रुपये का मशरूका बरामद किया है। कार्रवाई मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर एनएच-27 पर खरई और कस्बाथाना के बीच की गई।

थाना प्रभारी नीतू सिंह धाकड़ के अनुसार, पुलिस ने ट्रक क्रमांक RJ 11 GA 9297 को जब्त कर धौलपुर (राजस्थान) निवासी मुख्य आरोपी रामब्रज गुर्जर को गिरफ्तार किया। ट्रक की तलाशी लेने पर उसमें लगभग 100 क्विंटल सरसों मिली, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 7 लाख रुपये है। जब्त ट्रक की कीमत लगभग 22 लाख रुपये आंकी गई है। इस प्रकार कुल 29 लाख रुपये का मशरूका बरामद किया गया।

मामला 21 मार्च 2026 का है, जब कोलारस निवासी व्यापारी अनीता गुप्ता की फर्म बुलबुल इंटरप्राइजेज से 250 क्विंटल सरसों आगरा स्थित महेश एडिबल ऑयल मिल्स भेजी गई थी, लेकिन माल अपने गंतव्य तक नहीं पहुंचा। शिकायत के आधार पर ट्रक मालिक रामब्रज गुर्जर और उसके भाई श्रीकेश गुर्जर के खिलाफ अमानत में खयानत का प्रकरण दर्ज किया गया था।

जांच के दौरान रामब्रज के रिश्तेदार रामकेश गुर्जर का नाम भी सामने आया है, जिस पर गबन किए गए माल की बिक्री में सहयोग करने का संदेह है। वहीं, नामजद आरोपी श्रीकेश गुर्जर अभी फरार है और पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है। पुलिस का कहना है कि शेष सरसों और उससे प्राप्त राशि के संबंध में जांच जारी है।

More from Fast SamacharMore posts in Fast Samachar »
More from ShivpuriMore posts in Shivpuri »

Be First to Comment

Leave a Reply

error: Content is protected !!