शिवपुरी। पोहरी विधानसभा क्षेत्र के बैराड़ तहसील के युवाओं के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। लंबे समय से खेल सुविधाओं की मांग के बीच अब बैराड़ में आउटडोर स्टेडियम के निर्माण का रास्ता साफ हो गया है। कलेक्टर न्यायालय शिवपुरी ने ग्राम पचीपुरा की 10 हेक्टेयर सरकारी भूमि खेल एवं युवा कल्याण विभाग को हस्तांतरित करने की मंजूरी दे दी है।
जानकारी के अनुसार, पोहरी विधायक कैलाश कुशवाह ने 19 जनवरी 2026 को बैराड़ क्षेत्र में क्रिकेट मैदान और फिजिकल ट्रेनिंग ग्राउंड की आवश्यकता बताते हुए कलेक्टर को प्रस्ताव भेजा था। उनका कहना था कि स्थानीय युवा पुलिस और सेना भर्ती की तैयारी के लिए सुरक्षित मैदान के अभाव में सड़कों और खुले स्थानों का सहारा लेने को मजबूर हैं।
इसके बाद खेल एवं युवा कल्याण विभाग ने फरवरी 2026 में स्टेडियम निर्माण के लिए भूमि की मांग की। आवश्यक प्रक्रिया और आपत्तियों के निराकरण के बाद 9 जून 2026 को कलेक्टर न्यायालय ने ग्राम पचीपुरा स्थित सर्वे क्रमांक 264 से 10 हेक्टेयर भूमि आउटडोर स्टेडियम एवं एयर एंबुलेंस उपयोग के लिए आरक्षित कर विभाग को हस्तांतरित करने के आदेश जारी किए।
प्रस्तावित स्टेडियम में क्रिकेट सहित विभिन्न खेल गतिविधियों और फिजिकल ट्रेनिंग की सुविधाएं विकसित होने की उम्मीद है। इससे क्षेत्र के खिलाड़ियों, विद्यार्थियों तथा पुलिस-सेना भर्ती की तैयारी कर रहे युवाओं को स्थानीय स्तर पर बेहतर अभ्यास का अवसर मिलेगा।







Be First to Comment