शिवपुरी। जिले की जनसुनवाई में मंगलवार को पिछोर निवासी भगवती केवट पत्नी भगवान दास केवट अपनी फरियाद लेकर पहुंचीं। भावुक अवस्था में उन्होंने कलेक्टर को आवेदन सौंपते हुए आरोप लगाया कि उनके पुत्र को लोन दिलाने के नाम पर देवेंद्र यादव ने चेकबुक और अन्य दस्तावेज अपने पास रख लिए थे, जिन्हें अब तक वापस नहीं किया गया है।
आवेदन के अनुसार, देवेंद्र यादव ने उनके पुत्र से चेकबुक एवं अन्य जरूरी कागजात लेकर ऋण दिलाने की बात कही थी। बाद में रुपये का लेन-देन पूरा होने और न्यायालय में राजीनामा होने के बावजूद चेकबुक वापस नहीं की गई। महिला का आरोप है कि अब उन्हीं चेकों का इस्तेमाल कर अलग-अलग लोगों के माध्यम से नोटिस भिजवाए जा रहे हैं।
भगवती केवट ने आवेदन में बताया कि पूर्व में न्यायालय में हुए समझौते के दौरान देवेंद्र यादव ने भविष्य में कोई चेक प्रस्तुत नहीं करने और किसी प्रकार की राशि शेष नहीं होने की बात स्वीकार की थी। इसके बावजूद उनके पुत्र के खिलाफ कानूनी नोटिस भेजे जा रहे हैं।
महिला ने कलेक्टर से मामले की निष्पक्ष जांच कर देवेंद्र यादव के कब्जे से चेकबुक वापस दिलाने तथा संबंधित व्यक्ति के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।







Be First to Comment