शिवपुरी। शहर में कला और संस्कृति को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से 11 जून 2026 को एक भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। ‘नीतू फैंसी ज्वेलर्स’ की संचालक आरती जैन ‘नीतू’ के संयोजन में आयोजित होने वाले डांस कॉम्पिटिशन ग्रैंड फिनाले में शहर की प्रतिभाओं को अपनी कला प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा।
कार्यक्रम में जूनियर और सीनियर दोनों वर्गों के चयनित प्रतिभागी अपनी नृत्य प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। आयोजन का मुख्य आकर्षण बॉलीवुड एवं टेलीविजन जगत के प्रसिद्ध अभिनेता और कास्टिंग डायरेक्टर Kapil Singh Lalwani की विशेष उपस्थिति रहेगी।
कपिल सिंह लालवानी टीवी इंडस्ट्री में ‘कुंडली भाग्य’, ‘कुमकुम भाग्य’, ‘चंद्रकांता’, ‘जोधा अकबर’ और ‘सावधान इंडिया’ जैसे चर्चित धारावाहिकों में अपनी दमदार भूमिकाओं के लिए जाने जाते हैं। इसके अलावा उन्होंने बॉलीवुड फिल्मों ‘सरबजीत’ और ‘सत्यप्रेम की कथा’ के साथ-साथ साउथ इंडियन फिल्म ‘दरबार’ में भी अभिनय किया है।
वे ‘एसके कास्टिंग स्टूडियो’ के संस्थापक हैं तथा कई बड़े प्रोजेक्ट्स की कास्टिंग टीम से जुड़े रहे हैं। उनके शिवपुरी आगमन को लेकर स्थानीय कलाकारों, बच्चों और युवाओं में विशेष उत्साह देखा जा रहा है।
आयोजकों के अनुसार यह कार्यक्रम न केवल मनोरंजन का माध्यम बनेगा, बल्कि स्थानीय प्रतिभाओं को आगे बढ़ने और बड़े मंच तक पहुंचने का अवसर भी प्रदान करेगा। शहर के कला प्रेमियों में इस भव्य आयोजन को लेकर खासा उत्साह है।





