Press "Enter" to skip to content

विश्व साइकिल दिवस पर आईटीबीपी ने निकाली साइकिल रैली, फिटनेस और पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश / Shivpuri News

शिवपुरी। विश्व साइकिल दिवस के अवसर पर “फिट इंडिया मूवमेंट” के तहत संचार एवं सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान (सीआईटीआई) भारत-तिब्बत सीमा पुलिस बल (आईटीबीपी) शिवपुरी द्वारा रविवार को साइकिल रैली का आयोजन किया गया। रैली का शुभारंभ संस्थान के उप महानिरीक्षक (दूरसंचार) राजेश चौधरी ने हरी झंडी दिखाकर किया।

इस अवसर पर उप महानिरीक्षक राजेश चौधरी ने अधिकारियों, अधीनस्थ अधिकारियों, जवानों और प्रशिक्षुओं को संबोधित करते हुए कहा कि साइकिल चलाना एक बेहतर शारीरिक व्यायाम होने के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण, स्वास्थ्य संवर्धन और मानसिक तनाव को कम करने का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने सभी को नियमित रूप से साइकिल चलाने के लिए प्रेरित किया।

उन्होंने “संडे ऑन साइकिल” अभियान का उल्लेख करते हुए प्रत्येक रविवार साइकिल चलाने की आदत विकसित करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि नियमित शारीरिक गतिविधियां स्वस्थ शरीर और स्वस्थ मन के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। साइकिलिंग से हृदय स्वास्थ्य बेहतर होता है, शारीरिक क्षमता बढ़ती है और जीवनशैली से जुड़ी कई बीमारियों से बचाव संभव है।

रैली में संस्थान के अधिकारियों, अधीनस्थ अधिकारियों, जवानों एवं प्रशिक्षुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस दौरान सभी ने फिट और स्वस्थ भारत के निर्माण के लिए नियमित व्यायाम और साइकिलिंग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम का समापन स्वास्थ्य, फिटनेस और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के संकल्प के साथ हुआ।

More from Fast SamacharMore posts in Fast Samachar »
More from ShivpuriMore posts in Shivpuri »

Be First to Comment

Leave a Reply

error: Content is protected !!