Press "Enter" to skip to content

कुल्हाड़ी मांगने पर भड़का विवाद, दो पक्षों में खूनी संघर्ष; 11 लोगों पर मामला दर्ज / Shivpuri News

शिवपुरी। जिले के एक गांव में कुल्हाड़ी मांगने को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गया। दोनों पक्षों के बीच हुई मारपीट में कई लोग घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मामले में दोनों पक्षों के 11 लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, गांव में कुशवाह परिवार का होटल और शर्मा परिवार की परचून दुकान है। बुधवार शाम ममता शर्मा अपनी दुकान के बाहर सफाई कर रही थीं। इसी दौरान उन्होंने पड़ोसी मनोज कुशवाह से कुल्हाड़ी मांगी। आरोप है कि मनोज ने कुल्हाड़ी देने से इनकार कर दिया और अपशब्द कहे।

ममता शर्मा के बेटे अंकित शर्मा और अन्य परिजनों ने इसका विरोध किया, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर लाठी-डंडों और कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बन गया।

घायल ममता शर्मा ने आरोप लगाया कि मनोज कुशवाह, सीताराम, उदित, देवेंद्र, हरिचंद्र, पातीराम, दिलीप और सोनू जाटव सहित अन्य लोगों ने उनके साथ मारपीट की। घटना में ममता शर्मा, अंकित शर्मा, अरविंद शर्मा और श्याम शर्मा घायल हुए हैं, जिनका उपचार जारी है।

पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर कुल 11 लोगों के खिलाफ बलवा सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार, कुशवाह पक्ष के खिलाफ हत्या के प्रयास का प्रकरण दर्ज किया गया है, जबकि शर्मा पक्ष पर अनुसूचित जाति एवं जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।

More from Fast SamacharMore posts in Fast Samachar »
More from ShivpuriMore posts in Shivpuri »

Be First to Comment

Leave a Reply

error: Content is protected !!