शिवपुरी। जिले के बैराड़ थाना क्षेत्र के ग्राम कालामढ़ में भूमि विवाद का मामला सामने आया है। गांव निवासी संतोबाई रावत और विजय रावत ने पुलिस अधीक्षक शिवपुरी को आवेदन देकर आरोप लगाया है कि उनकी वर्षों पुरानी पैतृक एवं कब्जाशुदा भूमि पर कुछ लोग अवैध कब्जा करने का प्रयास कर रहे हैं।
जानकारी के अनुसार सर्वे नंबर 888, 889 और 890 की कुल 0.7800 हेक्टेयर भूमि पर उनका स्वामित्व और कब्जा है। इसके साथ लगी शासकीय भूमि सर्वे नंबर 891 पर भी उनके पूर्वजों के समय से कुआं स्थित है और लंबे समय से कब्जा चला आ रहा है।
आवेदकों ने आरोप लगाया है कि ग्राम कालामढ़ निवासी रामकुमार शर्मा, उनकी पत्नी रेखा शर्मा और मोनू राजौरिया द्वारा उक्त भूमि पर जबरन कब्जा करने का प्रयास किया जा रहा है। विरोध करने पर गाली-गलौज, झूठे प्रकरण में फंसाने और जान से मारने की धमकी देने के आरोप भी लगाए गए हैं।
आवेदन में यह भी कहा गया है कि इस संबंध में बैराड़ थाना और तहसीलदार कार्यालय में शिकायत की जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई है। शिकायतकर्ताओं का कहना है कि यदि उनके साथ कोई अप्रिय घटना होती है तो इसकी जिम्मेदारी संबंधित व्यक्तियों की होगी।
पीड़ित परिवार ने पुलिस अधीक्षक से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाए, अवैध कब्जे के प्रयास को रोका जाए तथा उनके परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।







Be First to Comment