Press "Enter" to skip to content

परिवहन आयुक्त ने शिवपुरी आरटीओ कार्यालय का किया निरीक्षण, राजस्व वसूली और अवैध रेत परिवहन पर सख्ती के निर्देश / Shivpuri News

शिवपुरी। मध्य प्रदेश परिवहन आयुक्त उमेश जोगा ने गुरुवार को जिला परिवहन कार्यालय शिवपुरी का विस्तृत निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान फिटनेस, ड्राइविंग लाइसेंस और पंजीयन शाखा का अवलोकन कर अभिलेखों की जांच की गई तथा नागरिकों को प्रदान की जा रही सुविधाओं और सेवाओं की गुणवत्ता का मूल्यांकन किया गया।

परिवहन आयुक्त ने बसों की जांच के दौरान फायर सेफ्टी उपकरण, आपातकालीन खिड़की, बीमा, परमिट, फिटनेस प्रमाण-पत्र सहित अन्य आवश्यक दस्तावेजों की अनिवार्य जांच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इससे यात्रियों की सुरक्षा और सड़क परिवहन व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाया जा सकेगा।

निरीक्षण के दौरान शिवपुरी में अवैध रेत परिवहन की रोकथाम का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया। परिवहन आयुक्त ने पुलिस, राजस्व, खनिज एवं वन विभाग के साथ समन्वय स्थापित कर विशेष अभियान चलाने और संयुक्त कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने अवैध परिवहन के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

राजस्व लक्ष्य और कर वसूली की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्धारित लक्ष्यों की प्राप्ति के लिए विशेष प्रयास करने के निर्देश दिए गए। साथ ही शिवपुरी और श्योपुर जिले में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए परिवहन सुविधाओं के विस्तार पर भी बल दिया गया।

परिवहन आयुक्त ने कार्यालय कर्मचारियों को आवेदकों के प्रति विनम्र और सहयोगात्मक व्यवहार रखने, समस्याओं का त्वरित निराकरण करने तथा पारदर्शी एवं जनहितैषी कार्यप्रणाली अपनाने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान एटीएस सेंटर और वाहन परीक्षण केंद्र का भी निरीक्षण कर वहां उपलब्ध सुविधाओं और उपकरणों की समीक्षा की गई।

More from Fast SamacharMore posts in Fast Samachar »
More from ShivpuriMore posts in Shivpuri »

Be First to Comment

Leave a Reply

error: Content is protected !!