शिवपुरी। कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा की अध्यक्षता में मंगलवार को आयोजित जनसुनवाई में 400 से अधिक आवेदकों ने अपनी समस्याएं और शिकायतें प्रशासन के समक्ष रखीं। कलेक्टर ने एक-एक आवेदक की समस्या गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई और समय-सीमा में निराकरण के निर्देश दिए।
जनसुनवाई के दौरान ग्राम सुनाज निवासी विनीता आदिवासी ने पोषण आहार राशि नहीं मिलने की शिकायत दर्ज कराई। कलेक्टर के निर्देश पर आदिम जाति कल्याण विभाग ने तत्काल जांच कर बैंक खाते का सत्यापन कराया। जांच में पता चला कि आवेदिका के खाते में नियमित रूप से राशि जमा हो रही थी और उसके खाते में लगभग 65 हजार रुपये की राशि संचित है। जनसुनवाई के माध्यम से आवेदिका को इस राशि की जानकारी प्राप्त हुई।
एक अन्य महत्वपूर्ण मामले में नगर पालिका परिषद शिवपुरी के दिवंगत कर्मचारी के पुत्र सौरभ गैंचर को कलेक्टर अर्पित वर्मा ने अनुकंपा नियुक्ति आदेश सौंपा। नियुक्ति पत्र प्राप्त होने पर सौरभ ने जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।
जनसुनवाई में पहुंची मोनिका राठौर की आर्थिक स्थिति और उनके दिव्यांग बच्चे की परिस्थितियों को देखते हुए कलेक्टर ने मानवीय पहल करते हुए रेडक्रॉस से 10 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की।
कलेक्टर ने सभी जिला स्तरीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनसुनवाई में प्राप्त आवेदनों का समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण और संतोषजनक निराकरण सुनिश्चित किया जाए, ताकि आम नागरिकों को राहत मिल सके।












Be First to Comment