शिवपुरी। जिले के सिरसौद थाना क्षेत्र के ग्राम कुंवरपुर निवासी एक महिला ने अपने अपहरण, कथित शारीरिक शोषण और मानव तस्करी जैसे गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस अधीक्षक को आवेदन सौंपकर न्याय की मांग की है। महिला का आरोप है कि उसे जबरन उठाकर ग्वालियर ले जाया गया, जहां उसके साथ गलत काम किया गया और बाद में उसे एक अन्य व्यक्ति को बेच दिया गया।
पीड़ित महिला ने बताया कि 10 अप्रैल 2026 की सुबह वह शौच के लिए गई थीं। इसी दौरान गांव के दो लोगों ने कथित रूप से उन्हें जबरन अपने साथ ले जाकर ग्वालियर पहुंचाया।
महिला ने आरोप लगाया है कि वहां उसके साथ गलत काम किया गया तथा उसके सोने-चांदी के जेवर भी छीन लिए गए। आवेदन में यह भी दावा किया गया है कि बाद में उसे ग्वालियर जिले के एक व्यक्ति को बेच दिया गया, जिसने करीब 22 दिनों तक उसे अपने पास रखा और उसका शोषण किया।
महिला के अनुसार, एक दिन मौका मिलने पर वह वहां से निकलकर अपने घर पहुंची। इसके बाद उसने अपने पति को पूरी घटना बताई। महिला का कहना है कि जब वह और उसके पति शिकायत दर्ज कराने संबंधित थाने पहुंचे तो उनकी रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई और उन्हें वहां से भगा दिया गया।
पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपियों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज करने, दोषियों पर सख्त कार्रवाई करने तथा न्याय दिलाने की मांग की है।







Be First to Comment