Press "Enter" to skip to content

युवक की संदिग्ध मौत: खेत में मिला शव, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका; पुलिस जांच में जुटी / Shivpuri News

शिवपुरी जिले के पिछोर थाना क्षेत्र की हिम्मतपुर चौकी अंतर्गत ग्राम गौचोनी में मंगलवार सुबह एक युवक का शव खेत में संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान पवन लोधी (27) पुत्र रामेश्वर लोधी निवासी गौचोनी के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

जानकारी के अनुसार मंगलवार सुबह ग्रामीणों ने गांव के बाहर खेत में पवन लोधी का शव पड़ा देखा। सूचना मिलने पर हिम्मतपुर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम कराया और शव परिजनों को सौंप दिया।

मृतक के रिश्तेदार उमेश लोधी ने बताया कि सोमवार को परिवार में रामायण पाठ के उपलक्ष्य में भंडारे का आयोजन था। भोजन के बाद पवन खेत पर रखवाली करने के लिए चला गया था। मंगलवार सुबह उसकी मौत की सूचना मिली। उमेश का आरोप है कि पवन के शरीर पर चोट के निशान थे और उसका मोबाइल फोन शव से करीब 50 मीटर दूर टूटी हुई हालत में मिला है। उन्होंने बताया कि गांव में उनकी कुछ लोगों से रंजिश भी चल रही थी, इसलिए उन्हें हत्या की आशंका है।

वहीं हिम्मतपुर चौकी प्रभारी धर्मेंद्र सिंह गुर्जर ने बताया कि युवक की मौत के कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।

More from Fast SamacharMore posts in Fast Samachar »
More from ShivpuriMore posts in Shivpuri »

Be First to Comment

Leave a Reply

error: Content is protected !!