शिवपुरी ईदगाह में ईद-उल-अजहा (बकरीद) के मौके पर मुस्लिम समुदाय ने अकीदत और श्रद्धा के साथ ईद की विशेष नमाज अदा की। सुबह से ही ईदगाह परिसर में नमाजियों की भीड़ उमड़ पड़ी, जहां बच्चों, युवाओं और बुजुर्गों ने एक साथ नमाज पढ़कर देश में अमन-चैन, भाईचारे और खुशहाली की दुआ मांगी।
त्योहार को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन और पुलिस द्वारा सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। इस दौरान कलेक्टर अर्पित शर्मा, पुलिस अधीक्षक यांगचेन डोलकर भूटिया, एसडीओपी संजय चतुर्वेदी, देहात थाना प्रभारी विकास यादव और यातायात थाना प्रभारी रणवीर सिंह यादव सहित प्रशासनिक अमला मौजूद रहा।
नमाज के बाद शहर काजी बली उद्दीन अहमद सिद्दीकी ने मुस्लिम समाज और जिलेवासियों को ईद-उल-अजहा की मुबारकबाद देते हुए कहा कि यह पर्व त्याग, बलिदान, इंसानियत और भाईचारे का संदेश देता है। उन्होंने समाज में प्रेम और सौहार्द बनाए रखने की अपील भी की।
इस अवसर पर ईदगाह कमेटी अध्यक्ष शरीफ खान, फरमान अली, सुहैल खान और इरशाद खान सहित समाज के वरिष्ठ लोगों ने प्रशासनिक व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए पुलिस और प्रशासन का आभार व्यक्त किया।
नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे से गले मिलकर ईद की बधाइयां दीं और शहर में खुशियों का माहौल देखने को मिला।








Be First to Comment