शिवपुरी जिले के करैरा थाना पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 194 किलो गांजा बरामद किया है। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से एक हुंडई क्रेटा कार भी जप्त की है। बरामद गांजे की कीमत करीब 38 लाख रुपए बताई जा रही है।
पुलिस अधीक्षक यांगचेन डोलकर भूटिया के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजीव मुले एवं एसडीओपी डॉ. आयुष जाखड़ के मार्गदर्शन में जिले में अवैध मादक पदार्थों के विरुद्ध अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान थाना करैरा पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि पिछोर-बामौर की ओर से सिल्वर रंग की हुंडई क्रेटा कार क्रमांक UP14DR8712 में दो व्यक्ति गांजा लेकर करैरा क्षेत्र की ओर आ रहे हैं।
सूचना के आधार पर थाना प्रभारी निरीक्षक विनोद छावई के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घेराबंदी कर वाहन को रोका। तलाशी लेने पर कार में रखी 7 प्लास्टिक बोरियों से कुल 194 किलो गांजा बरामद किया गया।
पुलिस ने मौके से आरोपी नीरज राय (40) निवासी राय मोहल्ला टीला करैरा तथा मानसिंह विश्वकर्मा (36) निवासी नयाटाल टीला करैरा को गिरफ्तार किया। आरोपियों से करीब 10 लाख रुपए कीमत की हुंडई क्रेटा कार भी जप्त की गई।
पूछताछ में आरोपियों ने गांजा उड़ीसा से खरीदकर लाना स्वीकार किया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 346/26 के तहत धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।








Be First to Comment