शिवपुरी। जिले के सतनवाड़ा थाना क्षेत्र के सकलपुर गांव में जमीन सीमांकन के दौरान हुए विवाद में 13 वर्षीय किशोरी पर कुल्हाड़ी से हमला किए जाने का मामला सामने आया है। घायल किशोरी को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सकलपुर निवासी कौशलेन्द्र राजावत ने बताया कि मंगलवार को उनकी बोर वाली जमीन का सीमांकन करने पटवारी गांव पहुंचे थे। इस दौरान परिवार के अन्य सदस्य भी मौके पर मौजूद थे। आरोप है कि सीमांकन की प्रक्रिया पूरी किए बिना ही पटवारी वापस लौट गए, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच विवाद शुरू हो गया।
बताया जा रहा है कि विवाद के दौरान वीरेन्द्र राजावत गाली-गलौज करने लगा। इसी बीच कौशलेन्द्र की 13 वर्षीय बेटी यशिका राजावत अपने मोबाइल से घटना का वीडियो बनाने लगी। वीडियो रिकॉर्डिंग से नाराज होकर वीरेन्द्र ने कुल्हाड़ी से हमला कर दिया।
हमले में यशिका के पैर, जांघ, टखने और हाथ में गंभीर चोटें आईं। घटना के बाद मौके पर मौजूद परिजनों ने बीच-बचाव कर बच्ची को बचाया और तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका उपचार जारी है।
सतनवाड़ा थाना पुलिस ने कौशलेन्द्र राजावत की शिकायत पर आरोपी वीरेन्द्र राजावत, आदित्य राजावत और पुनीत राजावत के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।







Be First to Comment