Press "Enter" to skip to content

मंदिर गई बुजुर्ग महिला के घर किराएदार ने की लाखों की चोरी, 24 घंटे में गिरफ्तार / Shivpuri News

शिवपुरी। जिले के खनियांधाना के वंशीवट मोहल्ले में एक किराएदार द्वारा बुजुर्ग महिला के घर से लाखों रुपये की चोरी करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर चोरी गया पूरा मशरूका बरामद कर लिया।

जानकारी के अनुसार फरियादिया गिरजाबाई साहू (70) सुबह माता मंदिर दर्शन करने गई थीं। इसी दौरान उनके यहां किराए से रहने वाले नीरज जाटव (27) निवासी खरगवाह, पिछोर ने सूना घर देखकर कमरे का ताला तोड़ दिया। आरोपी बक्से में रखे 1 लाख 70 हजार रुपये नकद और करीब 1 लाख रुपये कीमत के सोने के काले धागे वाला हार व चांदी की पायल चोरी कर फरार हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही पिछोर एसडीओपी प्रशांत शर्मा एवं खनियांधाना थाना प्रभारी केदार सिंह यादव के निर्देशन में पुलिस टीम ने आरोपी की तलाश शुरू की। संदेह के आधार पर नीरज जाटव को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जहां उसने चोरी करना स्वीकार कर लिया।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब 2 लाख 70 हजार रुपये का चोरी गया पूरा मशरूका बरामद कर लिया। जांच में सामने आया कि आरोपी आदतन अपराधी है और उसके खिलाफ मायापुर एवं पिछोर थानों में हत्या और गंभीर मारपीट के मामले पहले से दर्ज हैं।

पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से जेल वारंट जारी होने के बाद उसे उप जेल पिछोर भेज दिया गया।

More from Fast SamacharMore posts in Fast Samachar »
More from ShivpuriMore posts in Shivpuri »

Be First to Comment

Leave a Reply

error: Content is protected !!