शिवपुरी में मंगलवार को आयोजित जनसुनवाई में थैलेसीमिया से पीड़ित बच्चों के इलाज को लेकर महत्वपूर्ण पहल की गई। बच्चों के उपचार में आर्थिक सहायता की मांग को लेकर पहुंचे आवेदक सुनील जैन को कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा ने रेडक्रॉस सोसायटी के माध्यम से 70 हजार रुपए की सहायता राशि का चेक प्रदान किया।
जानकारी के अनुसार जिले में 60 से अधिक बच्चे थैलेसीमिया बीमारी से पीड़ित हैं। इन बच्चों को नियमित रूप से ब्लड चढ़ाना पड़ता है, जिसके कारण शरीर में आयरन की मात्रा बढ़ जाती है। अतिरिक्त आयरन निकालने के लिए विशेष पंप की आवश्यकता होती है, जिसकी कीमत करीब 35 हजार रुपए बताई गई है।
कलेक्टर द्वारा दी गई सहायता राशि से दो विशेष पंप खरीदे जा सकेंगे, जिससे थैलेसीमिया पीड़ित बच्चों के इलाज में राहत मिलेगी।
जनसुनवाई में दिए गए आवेदन में यह भी बताया गया कि जिले में थैलेसीमिया बच्चों के लिए ट्रिपल ब्लड फिल्टर उपलब्ध नहीं होने से इलाज में दिक्कतें आ रही हैं। इस संबंध में भी प्रशासन से व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की गई।
पीड़ित परिवारों ने प्रशासन की इस पहल को बड़ी राहत बताते हुए आभार जताया है।







Be First to Comment