Press "Enter" to skip to content

करैरा के छान गांव में भागवत कथा के बैनर में फोटो नहीं लगाने पर बढ़ा विवाद, राजीनामे के बहाने बुलाकर की फायरिंग, 14 वर्षीय किशोरी घायल / Shivpuri News

शिवपुरी जिले के छान गांव में मंगलवार को राजीनामे के बहाने बुलाकर फायरिंग करने का मामला सामने आया है। घटना में 14 वर्षीय किशोरी समेत कई लोग घायल हो गए। सभी घायलों को पहले करैरा अस्पताल ले जाया गया, जहां से गंभीर हालत में जिला अस्पताल शिवपुरी रेफर किया गया है।

जानकारी के अनुसार, घायल मनीषा सोलंकी उम्र 14 साल के दोनों पैरों, पेट और चेहरे पर गोली लगी है। वहीं वीरेंद्र सोलंकी उम्र 24 साल के हाथ में गोली लगी है। इसके अलावा शिशुपाल सोलंकी, जितेंद्र सोलंकी और शिवम सोलंकी भी घायल बताए गए हैं।

परिजनों का आरोप है कि आरोपी पक्ष राजीनामा करने की बात कहकर उन्हें बुलाकर लाया था। इसी दौरान आरोपियों ने अचानक फायरिंग शुरू कर दी। बताया जा रहा है कि आरोपी दोनाली बंदूक और पिस्टल लेकर पहुंचे थे।

घटना में आरोपियों के रूप में केशव तोमर, अरुण तोमर, अरविंद तोमर, सतेंद्र तोमर, रविंद्र तोमर, विकास तोमर, लखन तोमर, चतुर सिंह, माखन, इंद्रपाल और रणवीर तोमर के नाम सामने आए हैं।

परिजनों के मुताबिक 31 मार्च को गांव में भागवत कथा का आयोजन कराया गया था। कथा के प्रचार-प्रसार के लिए लगाए गए बैनर में रिश्तेदारों के फोटो नहीं लगाए गए थे। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद शुरू हो गया था, जो धीरे-धीरे गहरी रंजिश में बदल गया। साथ ही 4 बीघा जमीन को लेकर भी पुराना विवाद चल रहा था, जिसके चलते दोनों पक्षों में तनाव बना हुआ था।

परिजनों का आरोप है कि आरोपी लंबे समय से द्वेष भावना रखे हुए थे और मंगलवार को राजीनामे का बहाना बनाकर बुलाया गया। इसके बाद अचानक फायरिंग कर दी गई।

घटना के बाद हालात इतने तनावपूर्ण हो गए कि घायल किशोरी के भाई पर भी हमला करने का प्रयास किया गया। बताया गया है कि जैसे ही उसे बहन को गोली लगने की सूचना मिली, वह करैरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जा रहा था, तभी फोरलेन पर दो बदमाशों ने उस पर हमला कर दिया।

परिजनों का आरोप है कि आरोपी छान गांव से पीछा करते हुए करैरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तक पहुंच गए थे। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है और पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

More from Fast SamacharMore posts in Fast Samachar »
More from ShivpuriMore posts in Shivpuri »

Be First to Comment

Leave a Reply

error: Content is protected !!