Press "Enter" to skip to content

नगर परिषद नरवर में बवाल: कर्मचारियों से अभद्रता, शासकीय फाइल ले जाने का आरोप / Shivpuri News

शिवपुरी जिले के नरवर नगर परिषद कार्यालय में सोमवार दोपहर जमकर हंगामा हो गया। दो व्यक्तियों पर कार्यालय में घुसकर कर्मचारियों से अभद्रता करने, गाली-गलौज करने और शासकीय नस्ती (फाइल) अपने साथ ले जाने के गंभीर आरोप लगे हैं। घटना के बाद नगर परिषद प्रशासन ने थाना नरवर में लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है।

जानकारी के अनुसार घटना 25 मई 2026 को दोपहर करीब 12 बजे की है। शिकायत में बताया गया कि मानवेन्द्र सिंह सोलंकी और गजानंद दांगी निर्माण शाखा कार्यालय पहुंचे और शासकीय फाइलों के अवलोकन की मांग करने लगे। कर्मचारियों ने नियमानुसार फाइलें टेबल पर रखकर दिखाईं, लेकिन आरोप है कि इसी दौरान दोनों ने कर्मचारियों से तीखी बहस शुरू कर दी और कार्यालय का माहौल बिगाड़ दिया।

नगर परिषद प्रशासन का आरोप है कि जिन फाइलों को देखने के लिए रखा गया था, उन्हें वापस नहीं लौटाया गया और दोनों व्यक्ति उन्हें अपने साथ ले गए। घटना के बाद कार्यालय में अफरा-तफरी मच गई और कर्मचारियों में दहशत का माहौल बन गया।

मुख्य नगर पालिका अधिकारी ने थाना नरवर को आवेदन देकर संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की मांग की है। प्रशासन का कहना है कि इस घटना से शासकीय कार्य प्रभावित हुआ है और सरकारी दस्तावेजों की सुरक्षा पर भी सवाल खड़े हुए हैं।

फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और कथित तौर पर ले जाई गई शासकीय नस्ती की तलाश की जा रही है। यह मामला नगर में चर्चा का विषय बना हुआ है।

More from Fast SamacharMore posts in Fast Samachar »
More from ShivpuriMore posts in Shivpuri »

Be First to Comment

Leave a Reply

error: Content is protected !!