Press "Enter" to skip to content

शिवपुरी में ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ की प्रेस वार्ता, शिक्षा व्यवस्था और पेपर लीक पर उठाए सवाल / Shivpuri News

शिवपुरी में सोशल मीडिया पर चर्चित ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ का प्रभाव अब जमीनी स्तर पर भी दिखाई देने लगा है। सोमवार को युवाओं द्वारा आयोजित प्रेस वार्ता में शिक्षा व्यवस्था, पेपर लीक, भर्ती प्रक्रिया और छात्र हितों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया गया। युवाओं ने सरकार से शिक्षा नीतियों में सुधार और परीक्षा प्रणाली को पारदर्शी बनाने की मांग की।

प्रेस वार्ता में बिक्की यादव ने हाल ही में सामने आए नीट पेपर लीक मामलों का जिक्र करते हुए कहा कि ऐसी घटनाओं ने लाखों छात्रों के भविष्य को प्रभावित किया है। उन्होंने कहा कि युवाओं की आवाज सरकार तक पहुंचाना और शिक्षा व्यवस्था में बदलाव की मांग करना इस अभियान का मुख्य उद्देश्य है।

युवाओं ने पेपर लीक मामलों के दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि वर्ष 2024 में बने कानून में 10 साल तक की सजा और एक करोड़ रुपये तक जुर्माने का प्रावधान है, लेकिन इसके बावजूद लगातार पेपर लीक के मामले सामने आ रहे हैं।

प्रेस वार्ता में मध्य प्रदेश की नॉर्मलाइजेशन प्रक्रिया पर भी सवाल उठाए गए। युवाओं का कहना था कि भर्ती परीक्षाओं में अपनाई जा रही यह प्रक्रिया जटिल है और अधिकांश छात्र इसके आधार को समझ नहीं पाते। उन्होंने इसे सरल और पारदर्शी बनाने की मांग की।

बिक्की यादव ने बताया कि ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ फिलहाल सोशल मीडिया अभियान के रूप में सक्रिय है, जिससे बड़ी संख्या में युवा जुड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि यदि भविष्य में यह संगठन राजनीतिक रूप से सक्रिय होता है, तो युवाओं के भविष्य, रोजगार और आमजन के मुद्दों को प्राथमिकता दी जाएगी।

प्रेस वार्ता में पुष्पेंद्र, शैलेन्द्र और शिवराम भी मौजूद रहे। युवाओं ने कहा कि प्रदेशभर में छात्र हितों की आवाज आगे भी उठाई जाती रहेगी।

More from Fast SamacharMore posts in Fast Samachar »
More from ShivpuriMore posts in Shivpuri »

Be First to Comment

Leave a Reply

error: Content is protected !!