शिवपुरी। जिले के कोलारस थाना क्षेत्र में एक विवाहिता की संदिग्ध मौत का मामला सामने आया है। मृतका के भाई मनोज कुशवाह निवासी ग्राम रामपुर ने पुलिस अधीक्षक को आवेदन देकर बहन सुनीता कुशवाह की हत्या का आरोप उसके पति धर्मवीर कुशवाह पर लगाया है। आवेदन में कहा गया है कि आरोपी ने मारपीट कर हत्या करने के बाद शव को फांसी पर लटका दिया, ताकि मामला आत्महत्या लगे।
परिजनों के अनुसार सुनीता की शादी करीब 15 वर्ष पहले ग्राम चंदौरिया निवासी धर्मवीर कुशवाह से हुई थी। शादी के बाद से ही आरोपी शराब के नशे में सुनीता के साथ मारपीट करता था। इसकी शिकायत वर्ष 2019 में कोलारस थाना और महिला थाना शिवपुरी में भी की गई थी। उस समय पुलिस ने समझौता कराकर मामला शांत करा दिया था।
आवेदन में बताया गया है कि 13 मई 2026 को धर्मवीर सुनीता को उसके मायके रामपुर से अपने साथ ले गया था। 17 मई की सुबह सुनीता ने अपने देवर मूलचंद कुशवाह को फोन किया। बातचीत के दौरान झगड़े की आवाज सुनाई दी, तभी आरोपी ने फोन छीनकर काट दिया। इसके बाद मोबाइल बंद हो गया। दोपहर करीब 3 बजे धर्मवीर ने फोन कर कहा कि “तुम्हारी बहन मर चुकी है, उसने फांसी लगा ली।”
जब परिजन मौके पर पहुंचे तो उन्होंने सुनीता के शरीर पर चोट और मारपीट के निशान देखे। मृतका के भाई का आरोप है कि आरोपी ने पीट-पीटकर हत्या की और बाद में शव को साड़ी के फंदे से लटका दिया। परिजनों ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी उन्हें और मृतका की बेटी को जान से मारने की धमकी दे रहा है।
मनोज कुशवाह ने एसपी से आरोपी धर्मवीर कुशवाह के खिलाफ हत्या और धमकी की धाराओं में मामला दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है।






Be First to Comment