शिवपुरी जिले में आंगनवाड़ी केंद्रों में लापरवाही बरतने वाली कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं पर प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की है। कलेक्टर अर्पित वर्मा के निर्देश पर महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा किए गए निरीक्षण में अनियमितताएं मिलने पर दो आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं की सेवाएं समाप्त कर दी गईं, जबकि 20 से अधिक कार्यकर्ता और सहायिकाओं को नोटिस जारी कर मानदेय काटा गया है।
जानकारी के अनुसार खनियांधाना परियोजना क्षेत्र में परियोजना अधिकारी प्रियंका बुनकर और सेक्टर पर्यवेक्षकों द्वारा आंगनवाड़ी केंद्रों का निरीक्षण किया गया। जांच में कई केंद्र नियमित रूप से बंद मिले और हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ नहीं दिया जा रहा था।
कार्रवाई के तहत खनियांधाना वार्ड-9 की आंगनवाड़ी कार्यकर्ता स्नेहलता यादव और सिनावल कला की कार्यकर्ता गीता लोधी की सेवाएं समाप्त कर दी गईं। वहीं दो अन्य कार्यकर्ताओं को सेवा समाप्ति से संबंधित एक माह का अल्टीमेटम दिया गया है।
इसके अलावा 20 से अधिक आंगनवाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाओं पर कार्य में लापरवाही, केंद्र पर अनुपस्थित रहने, पोषण ट्रैकर एवं संपर्क एप पर कार्य नहीं करने, रिकॉर्ड संधारण में कमी और मुख्यालय पर निवास नहीं करने जैसी अनियमितताओं पर 3 से 15 दिन तक का मानदेय काटा गया है।
कार्रवाई की जद में गूडर की सुषमा जैन, अमुहाय की कमलेश चौहान, देवीपुरा की रक्षा शर्मा, धमधोली की वर्षा यादव, दीप्ती यादव, रिजोदा की केशकुंवर और फोटू यादव सहित कई कार्यकर्ता शामिल हैं।
कलेक्टर अर्पित वर्मा ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि आंगनवाड़ी केंद्रों का नियमित निरीक्षण जारी रखा जाए और योजनाओं में लापरवाही मिलने पर तत्काल कार्रवाई की जाए।












Be First to Comment