शिवपुरी में लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग (PHE) से सेवानिवृत्त एक बुजुर्ग कर्मचारी ने पेंशन शुरू नहीं होने से परेशान होकर कलेक्टर से न्याय की गुहार लगाई है। बुजुर्ग का आरोप है कि सेवानिवृत्ति के लगभग एक साल बाद भी उनकी पेंशन चालू नहीं की गई, जिसके कारण आर्थिक संकट गहराता जा रहा है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि 7 दिनों के भीतर पेंशन शुरू नहीं हुई तो वे आत्महत्या करने को मजबूर होंगे।
बाणगंगा शनि महाराज मंदिर क्षेत्र निवासी 63 वर्षीय भगवान लाल राठौर ने कलेक्टर को दिए आवेदन में बताया कि वे पीएचई विभाग शिवपुरी में पंप ऑपरेटर के पद पर कार्यरत थे और 31 मई 2025 को सेवानिवृत्त हो चुके हैं। सेवानिवृत्ति के बाद उन्होंने पेंशन संबंधी सभी आवश्यक दस्तावेज पीएचई विभाग और पेंशन कार्यालय में जमा कर दिए थे, लेकिन आज तक उनकी पेंशन चालू नहीं की गई।
भगवान लाल राठौर का कहना है कि वे कई बार पीएचई कार्यालय और पेंशन कार्यालय के चक्कर लगा चुके हैं, लेकिन हर बार उन्हें केवल आश्वासन ही मिला। पेंशन बंद होने के कारण उनकी आर्थिक स्थिति बेहद खराब हो गई है। परिवार में कोई कमाने वाला सदस्य नहीं है और उनकी पत्नी भी बीमार हैं, जिनका इलाज कराने में वे असमर्थ हैं।
आवेदन में उन्होंने प्रशासन से जल्द पेंशन शुरू करवाने की मांग की है। साथ ही कहा कि यदि 7 दिन के भीतर समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वे गंभीर कदम उठाने को मजबूर होंगे।







Be First to Comment