शिवपुरी जिले के नरवर स्थित आजीविका भवन में मंगलवार को हंगामे जैसी स्थिति बन गई। दमयंती महिला सामुदायिक समिति की महिलाओं ने राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के अधिकारियों पर करीब 15 लाख रुपए के घोटाले के आरोप लगाए, जिसके बाद महिलाओं के दो गुट आमने-सामने आ गए।
समिति की अध्यक्ष सीता कुशवाह के नेतृत्व में पहुंची महिलाओं ने आरोप लगाया कि सहायक विकासखंड प्रबंधक जितेंद्र श्रीवास्तव ने समिति की चेक बुक अपने पास रखी और महिलाओं की जानकारी के बिना फर्जी हस्ताक्षर कर बैंक खाते से राशि निकाली गई। महिलाओं का कहना है कि लंबे समय तक उन्हें खाते की सही जानकारी नहीं दी गई और समूह की राशि में गड़बड़ी की गई है। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई की मांग की।
वहीं विवाद के बीच कुछ महिलाएं सहायक विकासखंड प्रबंधक जितेंद्र श्रीवास्तव के समर्थन में भी सामने आईं। समर्थक महिलाओं ने कहा कि जितेंद्र श्रीवास्तव द्वारा कोई घोटाला नहीं किया गया और वे महिलाओं के साथ अच्छा व्यवहार करते हैं। उनका आरोप था कि समूह की अध्यक्ष द्वारा ही कई महिलाओं को समूह की राशि समय पर नहीं दी जाती, जिससे विवाद की स्थिति बनी है।
इधर सहायक विकासखंड प्रबंधक जितेंद्र श्रीवास्तव ने सभी आरोपों को निराधार बताया। उन्होंने कहा कि यदि किसी महिला या समूह को रिकॉर्ड और हिसाब चाहिए तो वे लिखित आवेदन दें, पूरा रिकॉर्ड उपलब्ध कराया जाएगा। उन्होंने दावा किया कि उनके द्वारा किसी प्रकार की वित्तीय अनियमितता नहीं की गई है और पूरा हिसाब-किताब पारदर्शी है।







Be First to Comment