Press "Enter" to skip to content

मासूम अनय की दर्दनाक मौत के बाद फूटा गुस्सा, CBI जांच और दोषियों पर गैर इरादतन हत्या का केस दर्ज करने की मांग / Shivpuri News

शिवपुरी। मक्सी में हुए दर्दनाक बस अग्निकांड मामले को लेकर अब जांच की मांग तेज हो गई है। “अंतरराष्ट्रीय जानकी सेना संगठन” ने कलेक्टर शिवपुरी को ज्ञापन सौंपकर पूरे मामले की उच्च स्तरीय जांच एवं CBI जांच कराने की मांग की है। संगठन ने घटना को केवल हादसा नहीं बल्कि गंभीर लापरवाही और संभावित आपराधिक साजिश बताया है।

ज्ञापन के अनुसार 15/16 मई 2026 की रात शिवपुरी निवासी महिला सीता श्रीवास्तव अपने चार वर्षीय पुत्र अनय जैन के साथ इंदौर से शिवपुरी लौट रही थीं। बताया गया है कि यात्रा के दौरान बस में बार-बार तार जलने जैसी बदबू आ रही थी, जिसकी जानकारी यात्रियों ने ड्राइवर और बस स्टाफ को दी थी, लेकिन इसे नजरअंदाज किया गया।

संगठन का आरोप है कि बस को नरवर स्थित एक होटल के सामने रोका गया, जहां पूरा स्टाफ यात्रियों को असहाय छोड़कर मौके से हट गया। इसी दौरान बस में भीषण आग लग गई, जिसमें चार वर्षीय मासूम अनय जैन की झुलसकर मौत हो गई।

ज्ञापन में यह भी दावा किया गया कि हाल के दिनों में इंदौर में खड़ी तीन बसों में भी आग लगने की घटनाएं सामने आई हैं। ऐसे में संगठन ने आशंका जताई है कि कहीं बीमा क्लेम प्राप्त करने के उद्देश्य से बसों में जानबूझकर आग लगाने जैसी गतिविधियां तो नहीं हो रहीं।

संगठन ने मामले में FIR में नई धाराएं जोड़ने की मांग की है। इनमें BNS धारा 105 (लोगों की जान खतरे में डालना), धारा 106(1) (लापरवाही से मृत्यु), मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 184 और 192A शामिल हैं।

संगठन की प्रमुख मांगें

पूरे जिले में संचालित इंटरसिटी बसों की फिटनेस जांच कराई जाए।

जिन बसों में सुरक्षा उपकरण, अग्निशमन यंत्र या वैध फिटनेस नहीं है, उन्हें तत्काल बंद किया जाए।

दोषी बस संचालकों, ड्राइवरों और संबंधित विभागीय अधिकारियों पर कार्रवाई हो।

ओवरलोडिंग और खराब स्थिति में बस चलाने वालों के परमिट व लाइसेंस निरस्त किए जाएं।

भविष्य में ऐसी घटनाएं रोकने विशेष सुरक्षा अभियान चलाया जाए।

पूरे मामले की CBI या उच्च स्तरीय स्वतंत्र जांच कराई जाए।

More from Fast SamacharMore posts in Fast Samachar »
More from ShivpuriMore posts in Shivpuri »

Be First to Comment

Leave a Reply

error: Content is protected !!