शिवपुरी। शहर के देहात थाना क्षेत्र स्थित तारकेश्वरी कॉलोनी की गुरु लाइब्रेरी में रविवार दोपहर जमकर मारपीट हो गई। 10 से 15 युवक लाइब्रेरी में घुस आए और तीन छात्रों के साथ डंडों व घूंसों से हमला कर दिया। घटना का सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया है। पुलिस ने तीन नामजद सहित 15 अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित प्रदीप गुर्जर निवासी ग्राम बिची थाना सुरवाया ने बताया कि वह प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए गुरु लाइब्रेरी में पढ़ाई करता है और वर्तमान में तारकेश्वरी कॉलोनी में रह रहा है।
प्रदीप के मुताबिक शनिवार को लाइब्रेरी में कुर्सी हटाने की बात को लेकर कुछ युवकों से विवाद हुआ था। रविवार दोपहर करीब 2 बजे वह लाइब्रेरी में बैठा था, तभी अनिल ठाकुर, युवराज ठाकुर, अंकुश यादव और उनके साथ 10 से 15 युवक लाइब्रेरी में घुस आए।
आरोप है कि युवकों ने पुरानी रंजिश को लेकर गाली-गलौज शुरू कर दी और विरोध करने पर डंडों व घूंसों से हमला कर दिया। मारपीट में प्रदीप के सिर, भौंह और पीठ में चोटें आई हैं।
बीच-बचाव करने पहुंचे छोटू गुर्जर और दीपक कुशवाह के साथ भी आरोपियों ने मारपीट की। छोटू की नाक और पीठ में चोट आई, जबकि दीपक के हाथ, कलाई और बगल में चोटें पहुंचीं।
घटना के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। पूरी वारदात लाइब्रेरी में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।







Be First to Comment