शिवपुरी जिले की मंडी में किसानों के साथ तौल में गड़बड़ी कर कम भुगतान देने का मामला सामने आया है। ग्राम पिपरसमां निवासी किसान दीपक धाकड़ ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर कलेक्टर से शिकायत करते हुए मंडी में अवैध कटौती के गंभीर आरोप लगाए हैं।
किसान दीपक धाकड़ ने बताया कि उन्होंने 16 अप्रैल 2026 को पिपरसमां मंडी में 10 क्विंटल 80 किलो लहसुन बेचा था। उनके मुताबिक माल का भुगतान करीब 54 हजार रुपए होना चाहिए था, लेकिन उन्हें लगभग 2500 रुपए कम दिए गए। जब उन्होंने व्यापारियों से इस बारे में पूछा तो बताया गया कि मंडी में 42 किलो की तौल पर किसानों को 40 किलो का ही भुगतान किया जाता है।
किसान का आरोप है कि मंडी में प्रतिदिन करीब दो हजार ट्रॉली प्याज और लहसुन की आवक हो रही है और हर ट्रॉली से एक हजार से दो हजार रुपए तक की अवैध कटौती की जा रही है। इस वजह से किसानों को प्रतिदिन लाखों रुपए का नुकसान हो रहा है।
दीपक धाकड़ ने यह भी आरोप लगाया कि कटौती किए जा रहे पैसों का कोई रिकॉर्ड नहीं है। उन्होंने कलेक्टर से निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई तथा किसानों को पूरा भुगतान दिलाने की मांग की है।







Be First to Comment