शिवपुरी। शहर के फतेहपुर चौराहे पर कार चालक युवक के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। युवक की शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने दो पुलिसकर्मियों समेत छह लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
जानकारी के अनुसार फतेहपुर मास्टर कॉलोनी निवासी हिमांशु उर्फ मानू बेड़िया ने रिपोर्ट में बताया कि 11 मई की रात वह अर्टिगा कार से घर लौट रहा था। फतेहपुर चौराहे पर पानी लेने के लिए रुकने के दौरान सुमित सेंगर, प्रधान आरक्षक छोटे चौहान और संजय लोधी ने उसे रोक लिया।
पीड़ित का आरोप है कि आरोपियों ने खुद को पुलिस स्टाफ बताते हुए गाड़ी को लेकर विवाद शुरू किया और 5 हजार रुपए चालान की बात कही। इसी दौरान विवाद बढ़ गया और उसके साथ मारपीट की गई।
हिमांशु बेड़िया के मुताबिक बाद में मौके पर पहुंचे छोटू यादव ने उसके सिर में बीयर की बोतल मार दी, जिससे वह घायल हो गया। घटना में दो अन्य अज्ञात युवकों पर भी मारपीट करने के आरोप लगाए गए हैं। घायल युवक को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
कोतवाली पुलिस ने सुमित सेंगर, प्रधान आरक्षक छोटे चौहान, संजय लोधी, छोटू यादव और दो अज्ञात आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि सुमित सेंगर और छोटे चौहान कोतवाली में पदस्थ हैं।
मामला दर्ज होने के बाद हिमांशु बेड़िया ने एसपी कार्यालय पहुंचकर सुरक्षा की मांग की है। युवक का आरोप है कि आरोपी उसे झूठे मामले में फंसाने की कोशिश कर रहे हैं।







Be First to Comment