Press "Enter" to skip to content

करैरा के बगीचा सरकार मंदिर विवाद में पुजारी परिवार ने लगाए गंभीर आरोप, सुरक्षा की मांग / Shivpuri News

शिवपुरी जिले के करैरा स्थित प्रसिद्ध बगीचा सरकार मंदिर विवाद अब लगातार बढ़ता जा रहा है। मंदिर के पुजारी परिवार की ओर से प्रशासन को दिए गए आवेदन में कई गंभीर आरोप लगाए गए हैं। परिवार ने मंदिर परिसर में मारपीट, अभद्रता, जान से मारने की धमकी और महिलाओं से बदसलूकी तक के आरोप लगाते हुए सुरक्षा की मांग की है।

पुजारी अशोक गिरी महाराज की ओर से दिए आवेदन में बताया गया कि 12 मई 2026 को करीब 800 से अधिक लोग मंदिर परिसर में पहुंचे और जबरन अंदर घुसने का प्रयास किया। आरोप है कि भीड़ ने मंदिर के मुख्य द्वार और निजी हिस्सों में प्रवेश कर परिवार के साथ अभद्र व्यवहार किया। पुजारी परिवार का कहना है कि महिलाओं के साथ धक्का-मुक्की की गई और जान से मारने की धमकियां भी दी गईं।

आवेदन में कहा गया है कि मंदिर में वर्षों से पुजारी परिवार पूजा-अर्चना और व्यवस्थाएं संभालता आ रहा है। लेकिन कुछ लोग जबरन मंदिर की व्यवस्था अपने हाथ में लेने का प्रयास कर रहे हैं। परिवार ने आरोप लगाया कि विवाद को धार्मिक और सामाजिक रंग देकर माहौल खराब करने की कोशिश की जा रही है।

पुजारी परिवार का यह भी कहना है कि घटना के दौरान मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था पर्याप्त नहीं थी, जिससे परिवार दहशत में है। आवेदन में प्रशासन से मांग की गई है कि मंदिर परिसर में सुरक्षा बढ़ाई जाए, दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए और पुजारी परिवार को संरक्षण दिया जाए।

उधर, बगीचा सरकार मंदिर विवाद को लेकर क्षेत्र में लगातार चर्चाएं बनी हुई हैं। मामले में संत समाज भी सक्रिय हो चुका है और निष्पक्ष जांच की मांग कर रहा है। प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुटा हुआ है।

More from Fast SamacharMore posts in Fast Samachar »
More from ShivpuriMore posts in Shivpuri »

Be First to Comment

Leave a Reply

error: Content is protected !!