शिवपुरी। जिले के पिछोर थाना क्षेत्र में चोरी के एक मामले में आरोपी को पकड़वाने वाले फरियादी ने अब खुद को खतरा बताते हुए पुलिस अधीक्षक से सुरक्षा और कार्रवाई की मांग की है। फरियादी का आरोप है कि चोरी के आरोपी द्वारा लगातार धमकियां दी जा रही हैं और पुलिस पर पैसे लेकर मामले को दबाने के आरोप भी लगाए गए हैं।
प्रेमकुमार सेन पुत्र हेमराज सेन निवासी ग्राम ईमलिया, थाना मायापुर, जिला शिवपुरी ने पुलिस अधीक्षक को दिए आवेदन में बताया कि 13 अप्रैल 2026 को वह अपने परिवार सहित शादी समारोह में शामिल होने गए थे। इसी दौरान शाम करीब 4 से 5 बजे के बीच उनके घर में घुसकर अलमारी का ताला तोड़ दिया गया और उसमें रखे सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर लिए गए।
फरियादी के अनुसार जब वह रात करीब 8 बजे घर लौटे तो घटना का पता चला। इसके बाद उन्होंने मायापुर थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस जांच में ग्राम मलावनी निवासी जितेन्द्र सेन पुत्र बंसीराम सेन का नाम सामने आया। फरियादी का कहना है कि आरोपी को पुलिस ने पकड़ भी लिया था, लेकिन बाद में पुलिस से सांठगांठ कर वह छूट गया।
आवेदन में आरोप लगाया गया है कि आरोपी अब खुलेआम घूम रहा है और फरियादी को धमकी दे रहा है। आरोपी कथित तौर पर कह रहा है कि “मेरा कोई कुछ नहीं बिगाड़ सकता, पुलिस को पैसे से सब ठीक हो जाता है।” साथ ही फरियादी को रिपोर्ट वापस लेने और चुप रहने का दबाव बनाया जा रहा है।
प्रेमकुमार सेन ने एसपी से मांग की है कि चोरी के मामले में आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, चोरी गया माल बरामद कराया जाए और उन्हें सुरक्षा उपलब्ध कराई जाए।









Be First to Comment