Press "Enter" to skip to content

बगीचा मंदिर में पूजा को लेकर विवाद, दो पक्षों में चले लाठी-डंडे; आधा दर्जन से अधिक घायल / Shivpuri News

शिवपुरी। जिले के करैरा थाना क्षेत्र स्थित बगीचा मंदिर में पूजा-अर्चना को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों में जमकर लाठी-डंडे चले, जिसमें आधा दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए। घटना शुक्रवार की बताई जा रही है, जबकि इसका वीडियो रविवार को सामने आया है।

यादव मोहल्ला फिल्टर रोड निवासी 55 वर्षीय अखिलेश दुबे ने बताया कि बगीचा मंदिर परिसर में जनता के सहयोग से राम मंदिर का निर्माण कराया गया है। मंदिर में पूजा के लिए आनंद शर्मा और धर्मेंद्र शर्मा को नियुक्त किया गया है, जबकि पुराने हनुमान मंदिर में राजेंद्र गिरी महाराज पूजा करते हैं।

अखिलेश दुबे के अनुसार शुक्रवार को राम मंदिर के पुजारी आनंद शर्मा ने फोन कर सूचना दी कि कुछ लोग उन्हें मंदिर में पूजा करने से रोक रहे हैं। इसके बाद अखिलेश दुबे, राम मंदिर सेवा समिति के अध्यक्ष भोला उर्फ राजेश दुबे, नीलेश दुबे, संतोष शर्मा, प्रिंस दुबे, कालीचरण और कपिल दुबे के साथ बगीचा मंदिर पहुंचे।

बताया गया कि वहां मौजूद धीरज यादव, रवि गुर्जर, महेश गुर्जर और सोनू गुर्जर से बातचीत कर उन्हें समझाने का प्रयास किया गया, लेकिन इसी दौरान विवाद बढ़ गया और गाली-गलौज शुरू हो गई।

आरोप है कि रवि गुर्जर ने सरिया से भोला उर्फ राजेश दुबे पर हमला कर दिया, जिससे उनके सिर, हाथ और पैर में चोटें आईं। बीच-बचाव करने पहुंचे अखिलेश दुबे पर महेश गुर्जर ने डंडे से हमला किया, जिससे उनकी उंगलियों में चोट आई और मोबाइल टूट गया। वहीं सोनू गुर्जर ने नीलेश दुबे तथा धीरज यादव ने कालीचरण के साथ मारपीट की।

शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि बाद में कल्लू पाल बाबा और दो अन्य अज्ञात लोगों ने कपिल दुबे, संतोष शर्मा, प्रिंस दुबे, आनंद शर्मा और धर्मेंद्र शर्मा के साथ भी लाठी-डंडों एवं लात-घूंसों से मारपीट की। घटना के दौरान सतीश शर्मा, धीरज शर्मा और छुन्नू शर्मा ने बीच-बचाव किया।

पीड़ित पक्ष का आरोप है कि जाते समय आरोपियों ने दोबारा मंदिर में पूजा करने आने पर जान से मारने की धमकी भी दी। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

More from Fast SamacharMore posts in Fast Samachar »
More from ShivpuriMore posts in Shivpuri »

Be First to Comment

Leave a Reply

error: Content is protected !!