शिवपुरी। शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र में युवती और उसकी तीन माह की बच्ची को जबरन ले जाने के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने मुख्य आरोपी पुष्पेंद्र सिंह चौहान को शुक्रवार शाम करीब 4 बजे पडोरा पुल के पास से गिरफ्तार कर लिया। साथ ही 23 वर्षीय महक और उसकी तीन माह की बेटी आरोही को भी बरामद कर लिया गया है।
मामले में युवती के परिजनों ने आरोप लगाया था कि करैरा निवासी पुष्पेंद्र चौहान अपने 8 से 10 साथियों के साथ हथियार, हॉकी और डंडे लेकर उनके घर में घुस आया था। आरोपियों ने परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट की, जातिसूचक गालियां दीं और महक व उसकी मासूम बच्ची को सफेद रंग की वैगनआर कार में जबरन बैठाकर ले गए थे। घटना में नीलम गुहारिया और उनके पति तृप्तेश गुहारिया घायल हुए थे।
पीड़ित परिवार की शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने मुख्य आरोपी सहित अन्य आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की विभिन्न धाराओं और एससी-एसटी एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की थी। घटना घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में भी कैद होने की बात सामने आई थी।
इधर मामले ने उस समय नया मोड़ ले लिया था जब महक का एक वीडियो सामने आया, जिसमें वह अपनी मर्जी से पुष्पेंद्र के साथ जाने की बात कहती दिखाई दी। हालांकि पुलिस ने सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच जारी रखी और युवती व बच्ची की तलाश शुरू की थी।
अब पुलिस ने मुख्य आरोपी पुष्पेंद्र सिंह चौहान को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं महक और उसकी बेटी आरोही को सुरक्षित बरामद कर लिया गया है। पुलिस मामले में अन्य आरोपियों की तलाश और पूरे घटनाक्रम की जांच में जुटी हुई है।








Be First to Comment