शिवपुरी। शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र में एक युवती और उसकी तीन माह की बच्ची को जबरन ले जाने का मामला सामने आया है। युवती के लिव-इन पार्टनर और उसके 8 से 10 साथियों पर घर में घुसकर मारपीट, जातिसूचक गालियां देने और मां-बेटी का अपहरण करने का आरोप लगा है। पुलिस ने मुख्य आरोपी सहित अन्य लोगों के खिलाफ बीएनएस की विभिन्न धाराओं और एससी-एसटी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार शिवपुरी पब्लिक स्कूल के पास रहने वाली नीलम गुहारिया ने कोतवाली पुलिस को बताया कि उनकी 22 वर्षीय बेटी महक पिछले तीन वर्षों से करैरा निवासी पुष्पेंद्र चौहान के साथ इंदौर में लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही थी। दोनों की तीन माह की बेटी आरोही भी है। परिजनों का आरोप है कि पुष्पेंद्र महक को परेशान करता था, जिसके चलते वह कुछ समय पहले बच्ची के साथ शिवपुरी आकर अपने माता-पिता के साथ रहने लगी थी।
शिकायत के मुताबिक 8 मई की रात करीब 8:35 बजे पुष्पेंद्र अपने साथियों के साथ हथियार, हॉकी और डंडे लेकर घर में घुस आया। आरोपियों ने परिवार के सदस्यों के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट की और जातिसूचक अभद्र टिप्पणियां भी कीं। इस दौरान नीलम और उनके पति तृप्तेश घायल हो गए।
परिजनों का आरोप है कि इसके बाद आरोपी महक और उसकी मासूम बच्ची को जबरन सफेद रंग की वैगनआर कार में बैठाकर ले गए। जाते समय आरोपियों ने पीछा करने पर जान से मारने की धमकी भी दी। घटना घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद होने की बात भी सामने आई है।
इधर मामले में नया मोड़ तब आया जब महक का एक वीडियो सामने आया, जिसमें वह कह रही है कि उसने खुद अपने पति को फोन कर बुलाया था और वह अपनी मर्जी से उसके साथ गई है। हालांकि पुलिस फिलहाल मामले की जांच कर रही है और महिला व बच्ची का पता लगाने के प्रयास किए जा रहे हैं।








Be First to Comment