खनियाधाना। सरकारी दफ्तरों में आम लोगों के साथ दुर्व्यवहार के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। ताजा मामला खनियाधाना तहसील के ग्राम सिलपुरा से सामने आया है, जहां पंचायत सचिव पर एक ग्रामीण और उसकी मासूम बच्ची के साथ अभद्र व्यवहार करने का आरोप लगा है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है।
जानकारी के अनुसार ग्राम सिलपुरा निवासी सुरेश यादव अपनी बेटी के जाति और जन्म प्रमाण पत्र संबंधी फाइलों पर हस्ताक्षर कराने ग्राम पंचायत पहुंचे थे। आरोप है कि पंचायत सचिव महेंद्र कोली ने काम करने के बजाय सुरेश यादव के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी।
पीड़ित सुरेश यादव का कहना है कि सचिव ने मां-बहन की गंदी गालियां देते हुए फाइलों पर हस्ताक्षर करने से इनकार कर दिया। इतना ही नहीं, उनकी मासूम बच्ची के सामने भी अभद्र भाषा का प्रयोग किया गया। सुरेश के मुताबिक सचिव ने फाइलें फेंकते हुए उन्हें वहां से भगा दिया।
घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें कथित तौर पर सचिव की गाली-गलौज साफ सुनाई दे रही है। वीडियो में बच्ची की आवाज भी सुनाई देती है, जिससे ग्रामीणों में नाराजगी और बढ़ गई है।
घटना के बाद गांव में आक्रोश का माहौल है। पीड़ित ने प्रशासन से शिकायत कर दोषी सचिव के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि आम नागरिकों को अपने जरूरी दस्तावेज बनवाने के लिए इस तरह अपमानित होना पड़ेगा तो लोगों का सरकारी व्यवस्था से भरोसा उठ जाएगा।







Be First to Comment