नरवर। नगर में बढ़ती चोरी की घटनाओं के बीच दिनदहाड़े मोटरसाइकिल चोरी का मामला चर्चा का विषय बना हुआ है। खास बात यह है कि अब इस घटना का CCTV वीडियो भी सामने आया है, जिसमें संदिग्ध युवक बाइक ले जाते हुए दिखाई दे रहा है। इसके बावजूद पीड़ित का आरोप है कि आवेदन देने के बाद भी नरवर पुलिस द्वारा अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।
जानकारी के अनुसार राहुल अग्रवाल पुत्र राकेश अग्रवाल निवासी छोटा जैन मंदिर नरवर ने थाना प्रभारी नरवर को दिए आवेदन में बताया कि 3 मई 2026 को वह दोपहर करीब 1 बजे दुकान से खाना खाने घर आया था। उसने अपनी स्प्लेंडर ब्लैक कलर मोटरसाइकिल क्रमांक MP 33 MY 8126 घर के बाहर खड़ी कर दी थी। करीब 3:30 बजे जब वह वापस दुकान जाने के लिए बाहर निकला तो बाइक गायब मिली।
पीड़ित ने आसपास तलाश की लेकिन मोटरसाइकिल का कोई सुराग नहीं लगा। आवेदन में उसने वार्ड क्रमांक 6 निवासी एक युवक पर संदेह भी जताया है। अब घटना का CCTV वीडियो सामने आने के बाद मामले ने और तूल पकड़ लिया है। वीडियो में एक युवक संदिग्ध परिस्थितियों में बाइक ले जाते हुए दिखाई दे रहा है।
पीड़ित का कहना है कि पुलिस को आवेदन और वीडियो उपलब्ध कराने के बावजूद अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई है। इससे स्थानीय लोगों में नाराजगी देखी जा रही है। नगरवासियों ने पुलिस प्रशासन से जल्द आरोपी की गिरफ्तारी और चोरी गई बाइक बरामद करने की मांग की है।
लगातार सामने आ रही चोरी की घटनाओं से लोगों में डर का माहौल बना हुआ है। अब सबकी नजर नरवर पुलिस की कार्रवाई पर टिकी हुई है।







Be First to Comment