Press "Enter" to skip to content

“जहां शिकायत करनी है कर लो…”: सहायक यंत्री सचिन चौहान पर पार्षद पति सौरभ सड़ैया ने लगाए गाली-गलौज और धमकी के आरोप / Shivpuri News

शिवपुरी। शहर की नगर पालिका में निर्माण कार्यों की गुणवत्ता को लेकर विवाद गहराता नजर आ रहा है। वार्ड क्रमांक 6 की पार्षद मोनिका सड़ैया के पति सौरभ सड़ैया ने नगर पालिका के सहायक यंत्री सचिन चौहान पर अभद्रता, गाली-गलौज और धमकी देने के गंभीर आरोप लगाए हैं। इस संबंध में उन्होंने कोतवाली थाना प्रभारी को लिखित आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की है।

आवेदन के अनुसार सौरभ सड़ैया निवासी शंकर कॉलोनी ने बताया कि 7 मई 2026 की शाम करीब 4:35 बजे वे नगर पालिका की निर्माण शाखा पहुंचे थे। यहां उन्होंने सहायक यंत्री सचिन चौहान से वार्ड में चल रहे सड़क और मड़ीखेड़ा की लाइन डालने के कार्य को लेकर चर्चा की। उनका आरोप है कि ठेकेदार द्वारा सड़क और पानी की लाइन का काम मानक अनुसार नहीं किया जा रहा है।

सौरभ सड़ैया ने बताया कि मड़ीखेड़ा की पाइप लाइन लगभग एक फीट नीचे डाली जा रही है, जबकि नियमानुसार करीब तीन फीट गहराई होना चाहिए। इसके कारण सड़क पर जगह-जगह रोड उखड़ रहे हैं और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने दावा किया कि कई लोग गिरकर चोटिल भी हो चुके हैं।

उन्होंने यह भी बताया कि करीब 10 दिन पहले रात में ठेकेदार द्वारा कार्य कराया जा रहा था, जिसे स्थानीय लोगों ने गलत तरीके से लाइन डालने के कारण रुकवा दिया था। उस दौरान वे स्वयं रात 3 बजे मौके पर पहुंचे थे और जांच में पाया कि पाइप लाइन केवल एक फीट गहराई पर डाली जा रही थी। विरोध करने पर ठेकेदार काम बंद कर मौके से चला गया।

आवेदन में आगे आरोप लगाया गया है कि इस मामले में जब उनकी पत्नी पार्षद मोनिका सड़ैया ने सहायक यंत्री सचिन चौहान को फोन लगाया तो उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया। बाद में जब वे पार्षद गौरव सिंघल के साथ नगर पालिका पहुंचे और इस विषय पर चर्चा करनी चाही, तो सहायक यंत्री भड़क गए और कथित रूप से गाली-गलौज करते हुए कहा कि “जहां शिकायत करनी है कर लो।”

सौरभ सड़ैया ने आवेदन में यह भी लिखा है कि पूर्व में भाजपा सरकार के समय मड़ीखेड़ा और अन्य निर्माण कार्यों को लेकर कई शिकायतें हुई थीं, जिनकी जांच अभी भी चल रही है। उनका आरोप है कि उसी मामले में फंसने के डर से उनके खिलाफ झूठी शिकायतें करवाई जा रही हैं।

पीड़ित पक्ष ने कोतवाली पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कर उचित कार्रवाई की मांग की है। वहीं इस मामले को लेकर नगर पालिका में राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है।

More from Fast SamacharMore posts in Fast Samachar »
More from ShivpuriMore posts in Shivpuri »

Be First to Comment

Leave a Reply

error: Content is protected !!