शिवपुरी: कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट श्री अर्पित वर्मा ने जिले के भ्रमण के दौरान ग्राम सिंहनिवास में पारंपरिक चारपाई निर्माण कार्य का अवलोकन किया और कारीगर के हुनर की सराहना की।
जानकारी के अनुसार, भ्रमण के दौरान रास्ते में चारपाई बुनते ग्रामीणों को देखकर कलेक्टर ने अपना वाहन रुकवाया और मौके पर पहुंचकर कारीगर श्री सिरनाम परिहार से संवाद किया। इस दौरान उन्होंने चारपाई निर्माण की पूरी प्रक्रिया को नजदीक से देखा और विस्तृत जानकारी ली।
कारीगर श्री सिरनाम परिहार ने बताया कि उनका परिवार पीढ़ियों से इस पारंपरिक कार्य से जुड़ा हुआ है और इसी के माध्यम से आजीविका चला रहा है। उन्होंने बताया कि चारपाई बनाने के लिए लोहे की पट्टियां बाहर से मंगाई जाती हैं, जिन पर नायलॉन, नारियल या सूती रस्सियों से बुनाई कर 2 से 3 दिन में मजबूत चारपाई तैयार की जाती है।
कलेक्टर श्री वर्मा ने इस पारंपरिक कला और श्रमशीलता की सराहना करते हुए स्वयं चारपाई पर बैठकर उसकी गुणवत्ता का अवलोकन किया। उन्होंने चारपाई के मूल्य की जानकारी भी ली, जिसमें बताया गया कि सूती व नारियल रस्सी की चारपाई लगभग 1000 रुपये तथा नायलॉन रस्सी की चारपाई करीब 1200 रुपये में बेची जाती है।
कलेक्टर ने इसे ग्रामीण स्तर पर स्वरोजगार का अच्छा उदाहरण बताते हुए सराहना की। इस दौरान उन्होंने परिवार के अन्य सदस्यों से भी चर्चा की और बच्चों को नियमित रूप से स्कूल जाने तथा शिक्षा पर ध्यान देने के लिए प्रेरित किया।
कलेक्टर के इस सहज संवाद से ग्रामीणों में उत्साह का माहौल देखा गया और पारंपरिक व्यवसाय को बढ़ावा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।










Be First to Comment