Press "Enter" to skip to content

शिवपुरी में स्वच्छता अभियान लगातार जारी, प्लास्टिक जब्ती, चालानी कार्रवाई और अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई तेज / Shivpuri News

शिवपुरी: शहर में बढ़ती गंदगी एवं अव्यवस्था को देखते हुए कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट श्री अर्पित वर्मा के निर्देशन एवं नगर पालिका सीएमओ श्री इशांक धाकड़ के नेतृत्व में नगर पालिका द्वारा विशेष स्वच्छता एवं जनजागरूकता अभियान चलाया गया। प्रातः 07 बजे से प्रारंभ हुए इस अभियान के अंतर्गत पोहरी चौराहा से तात्या टोपे प्रतिमा तक नगर पालिका टीम द्वारा निरीक्षण एवं सफाई कार्रवाई की गई।
अभियान के दौरान दुकानों पर सिंगल यूज़ प्लास्टिक एवं प्रतिबंधित प्लास्टिक पॉलिथीन के उपयोग के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए 5 किलो से अधिक प्लास्टिक सामग्री जब्त की गई। जब्त सामग्री में प्लास्टिक पॉलिथीन, प्लास्टिक चम्मच, डिस्पोजल सामग्री एवं पानी पाउच आदि शामिल रहे। व्यापारियों एवं दुकानदारों को भविष्य में प्लास्टिक सामग्री का उपयोग न करने की सख्त हिदायत दी गई।

निरीक्षण के दौरान जिन दुकानदारों द्वारा दुकानों के सामने गंदगी फैलाई जा रही थी, उन्हें समझाइश दी गई कि वे कचरा डस्टबिन में रखें तथा नगर पालिका की सुबह एवं शाम संचालित कचरा गाड़ियों में ही कचरा डालें। कई जूस सेंटर, चाय स्टॉल, पान दुकान एवं होटल संचालकों को अनिवार्य रूप से साफ-सुथरे डस्टबिन रखने एवं स्वच्छता बनाए रखने के निर्देश दिए गए। गंदे एवं अस्वच्छ डस्टबिन पाए जाने पर उन्हें जब्त कर लिया गया तथा स्वच्छ डस्टबिन रखने के लिए निर्देशित किया गया।

अभियान के दौरान सड़क पर अव्यवस्थित तरीके से रखी गई गुमटियों एवं ठेलों को पीछे हटवाया गया। जिन ठेला संचालकों द्वारा सड़क सीमा से आगे अतिक्रमण कर यातायात व्यवस्था प्रभावित की जा रही थी, उन्हें सख्त हिदायत देते हुए व्यवस्थित रूप से संचालन करने के निर्देश दिए गए।

नगर पालिका टीम द्वारा कुछ होटल एवं मिष्ठान भंडारों का निरीक्षण कर उनके किचन एवं भोजन निर्माण स्थलों की साफ-सफाई की जांच भी की गई। संबंधित संचालकों को स्वच्छता मानकों का पालन करने हेतु निर्देशित किया गया।

अभियान के दौरान पंढरपुरी चाय एवं मनोहर चाय संचालकों द्वारा कचरा फैलाने, अवैध अतिक्रमण एवं कब्जा किए जाने पर कार्रवाई करते हुए अतिक्रमण हटवाया गया तथा दोनों प्रतिष्ठानों पर 500-500 रू का चालान किया गया।

इसके अतिरिक्त कुछ स्थानों पर नगर पालिका कर्मचारियों द्वारा सफाई कार्य संतोषजनक न पाए जाने पर तत्काल सफाई कराई गई। पूर्व दिवसों में जिन मार्गों पर सफाई अभियान चलाया गया था, वहां पुनः फॉलोअप निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान कई स्थानों पर सुधार देखने को मिला एवं आधे दर्जन से ज्यादा लोगों ने कचरे को कचरा गाड़ी में डाला, जबकि जिन लोगों द्वारा अभी भी स्वच्छता नियमों का पालन नहीं किया गया, उन्हें पुनः समझाइश एवं चेतावनी दी गई।

नगर पालिका प्रशासन द्वारा सभी व्यापारियों, दुकानदारों एवं जूस सेंटर संचालकों से अपील की गई है कि वे नगर पालिका की कचरा गाड़ियों में ही कचरा डालें, डस्टबिन का नियमित उपयोग करें तथा सड़क किनारे गंदगी न फैलाएं। सिंगल यूज़ प्लास्टिक, प्रतिबंधित पॉलिथीन अथवा गंदगी फैलाते पाए जाने पर कठोर एवं भारी चालानी कार्रवाई की जाएगी।

नगर पालिका प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शिवपुरी शहर को स्वच्छ, सुंदर एवं व्यवस्थित बनाने के लिए यह अभियान निरंतर जारी रहेगा।

More from Fast SamacharMore posts in Fast Samachar »
More from ShivpuriMore posts in Shivpuri »

Be First to Comment

Leave a Reply

error: Content is protected !!