शिवपुरी। जिले में एक महिला ने अपने ससुर पर गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस अधीक्षक से न्याय और सुरक्षा की गुहार लगाई है। पीड़िता का आरोप है कि ससुर ने उसे बंदूक की नोक पर डराकर दुष्कर्म किया और जान से मारने की धमकी दी।
पीड़िता के अनुसार, उसकी शादी लगभग 7 वर्ष पूर्व हुई थी और उसका एक छोटा बच्चा है। उसने बताया कि उसके पति की मानसिक स्थिति ठीक नहीं है, जबकि सास का निधन हो चुका है। सास की मृत्यु के बाद ससुर का व्यवहार बदल गया और वह उसे गलत नजर से देखने लगा। विरोध करने पर उसे डराया-धमकाया गया तथा करीब एक वर्ष तक घर से बाहर नहीं निकलने दिया गया।
पीड़िता ने बताया कि 20 अप्रैल 2026 को वह किसी तरह अपने मायके पहुंची और परिजनों को पूरी घटना की जानकारी दी। इसके बाद संबंधित थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई। आरोप है कि शिकायत की जानकारी मिलते ही आरोपी पक्ष हथियारों के साथ वाहन से मायके पहुंचा, जहां मारपीट की गई और जबरन कागजों पर हस्ताक्षर कराने का दबाव बनाया गया।
पीड़िता का कहना है कि आरोपी पक्ष प्रभावशाली है, जिससे उसे अपनी और अपने बच्चे की सुरक्षा को लेकर खतरा महसूस हो रहा है। उसने आशंका जताई है कि उसे झूठे मामलों में फंसाया जा सकता है या जान-माल का नुकसान पहुंचाया जा सकता है।
पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक से मामले में एफआईआर दर्ज कर निष्पक्ष जांच कराने एवं सुरक्षा प्रदान करने की मांग की है।







Be First to Comment