शिवपुरी। जिले के पिछोर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम मनपुरा से पारिवारिक विवाद और बुजुर्ग उत्पीड़न का मामला सामने आया है। 83 वर्षीय बुजुर्ग महिला कमलादेवी गुप्ता ने कलेक्टर को आवेदन देकर अपने ही बेटे और बहू पर मानसिक प्रताड़ना, झगड़ा करने और झूठे मामलों में फंसाने की धमकी देने के गंभीर आरोप लगाए हैं।
जानकारी के अनुसार, कमलादेवी गुप्ता, जो स्व. बालाप्रसाद गुप्ता की पत्नी हैं, वर्तमान में अपने बड़े बेटे ओमप्रकाश गुप्ता और बहू सुखदेवी के साथ निवास कर रही हैं। उन्होंने बताया कि पारिवारिक बंटवारा पहले ही हो चुका है और संपत्ति का हिस्सा भी दोनों बेटों को दे दिया गया है।
प्रार्थिया का आरोप है कि उनका छोटा बेटा दीपक कुमार गुप्ता और बहू रंजना गुप्ता आए दिन उन्हें, उनके बड़े बेटे और बहू को मानसिक रूप से परेशान करते हैं। समझाने पर विवाद और झगड़ा करते हैं तथा झूठे केस में फंसाने की धमकी देते हैं।
बुजुर्ग महिला ने बताया कि इन घटनाओं के चलते वे और उनका परिवार भय और तनाव में जीवन जीने को मजबूर हैं। उन्होंने यह भी कहा कि उनके पति का निधन करीब 23 वर्ष पहले हो चुका है और तब से उनका भरण-पोषण बड़े बेटे और बहू द्वारा किया जा रहा है।
आवेदन में यह भी उल्लेख किया गया है कि प्रार्थिया ने छोटे बेटे और बहू से सभी पारिवारिक संबंध समाप्त कर लिए हैं। साथ ही, भविष्य में किसी भी विवाद या अप्रिय घटना के लिए उन्हें ही जिम्मेदार ठहराया है।







Be First to Comment