Press "Enter" to skip to content

जमीन का बंटवारा नहीं, फिर भी बन रहा पीएम आवास… शिकायतें बंद, पीड़ित दर-दर भटकने को मजबूर / Shivpuri News

शिवपुरी। जिले के सिरसौद थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम रायचंदखेड़ी के निवासी जमादार यादव ने प्रशासन से न्याय की गुहार लगाते हुए गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने एक लिखित आवेदन के माध्यम से शिकायत की है कि उनकी पुश्तैनी कृषि भूमि का विधिवत बंटवारा किए बिना ही उस पर प्रधानमंत्री आवास का निर्माण कराया जा रहा है। साथ ही, उनकी शिकायतों को बार-बार बिना निराकरण के बंद किए जाने का भी आरोप लगाया है।

जानकारी के अनुसार, संबंधित भूमि सर्वे नंबर 162, 131, 126 एवं 129 ग्राम रायचंदखेड़ी में स्थित है, जिसका अभी तक आधिकारिक बंटवारा नहीं हुआ है। आवेदक का कहना है कि पूर्व में मौखिक बंटवारे के आधार पर उनके पिता सर्वे नंबर 162 और 129 के हिस्से पर काबिज थे, लेकिन सह-भूमि स्वामियों द्वारा अन्य हिस्से पर कब्जा कर लिया गया और अब उसी पर पक्षपातपूर्ण तरीके से निर्माण कराया जा रहा है।

आरोप है कि श्रीमती रामवती बाई यादव द्वारा बिना विधिवत बंटवारा कराए ही प्रधानमंत्री आवास का निर्माण कराया जा रहा है, जिसकी सूचना तक आवेदक को नहीं दी गई। जब उन्होंने इस पर आपत्ति जताई और कार्यालयों में शिकायत की, तो उन्हें डांटकर भगा दिया गया।

आवेदक ने बताया कि उन्होंने 181 सीएम हेल्पलाइन पर शिकायत क्रमांक 33435815 दिनांक 19 जुलाई 2025 दर्ज कराई थी, जिसे एक माह से अधिक लंबित रखने के बाद बिना निराकरण के बंद कर दिया गया। इसके बाद दूसरी शिकायत क्रमांक 37309805 दिनांक 18 मार्च 2026 भी इसी तरह बंद कर दी गई।

आवेदक का आरोप है कि उन्होंने कई बार 181 पर कॉल कर शिकायत दर्ज कराने का प्रयास किया, लेकिन उनकी शिकायत या तो दर्ज नहीं की गई या बिना उनकी सहमति के बंद कर दी गई। अंततः उन्हें अपने भाई के मोबाइल नंबर से नई शिकायत क्रमांक 3785957 दिनांक 20 अप्रैल 2026 दर्ज करानी पड़ी।

जमादार यादव ने आशंका जताई है कि उनकी शिकायत को राजस्व विभाग द्वारा एकपक्षीय तरीके से बंद किया जा सकता है, क्योंकि पूर्व में भी दो बार ऐसा हो चुका है।

आवेदक ने बताया कि उनके पिता 72 वर्षीय बुजुर्ग हैं और चलने-फिरने में असमर्थ हैं, जबकि वह स्वयं भी बीमार रहते हैं। बार-बार कार्यालयों के चक्कर लगाने से उन्हें काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने प्रशासन से मानवीय आधार पर न्याय दिलाने की मांग की है।

More from Fast SamacharMore posts in Fast Samachar »
More from ShivpuriMore posts in Shivpuri »

Be First to Comment

Leave a Reply

error: Content is protected !!