Press "Enter" to skip to content

डंपर की टक्कर से दो भाइयों की मौत, नो-एंट्री में घुसे वाहन ने ली जान, मंदिर से लौटते समय हुआ हादसा / Shivpuri News

शिवपुरी। शहर के थीम रोड स्थित आईटीबीपी गेट के पास रविवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो चचेरे भाइयों की मौत हो गई। तेज रफ्तार डंपर ने बाइक सवार दोनों को कुचल दिया। हादसे में 28 वर्षीय पंकज शर्मा और 16 वर्षीय कान्हा शर्मा ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

जानकारी के अनुसार, दोनों भाई खेड़ापति हनुमान मंदिर से दर्शन कर बाइक से अपने घर लौट रहे थे। रात करीब 10 बजे जैसे ही वे आईटीबीपी गेट के पास पहुंचे, तभी एक डंपर अचानक पीछे आते हुए उनकी बाइक से टकरा गया।

हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल दोनों घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

बताया जा रहा है कि डंपर नो-एंट्री क्षेत्र में घुसा हुआ था। गुना बायपास पर लगे हाइट लिमिट पोल के कारण चालक वाहन को तेजी से पीछे की ओर ला रहा था। इसी दौरान बाइक सवार दोनों भाई उसकी चपेट में आ गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों भाइयों ने डंपर चालक को आवाज भी दी थी, लेकिन उसने ध्यान नहीं दिया।

पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

More from Fast SamacharMore posts in Fast Samachar »
More from ShivpuriMore posts in Shivpuri »

Be First to Comment

Leave a Reply

error: Content is protected !!